नल में नहीं आ रहा पानी तो ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, अपने मानदेय की राशि भुगतान को लेकर ऑपरेटर ने भी जाम का किया समर्थन

DNB Bharat Desk

 

डीएनबी भारत डेस्क 

नौला पंचायत में नल-जल योजना से स्वच्छ जलापूर्ति ठप रहने के कारण रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। 15 दिनों से पानी के लिए बेहाल लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने गाड़ा गांव के पास रोड जाम कर दिया। जिससे करीब 3 घण्टे तक वहां आवागमन ठप रहा। यात्रियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। रोड जाम का नेतृत्व कर रहे ग्रामीण राजाराम पासवान, संजय पासवान, कृष्ण कुमार लल्लू, दीपक कुमार, विपिन पासवान मनीष कुमार, पंसस मुकुल प्रकाश, वार्ड प्रतिनिधि राहुल कुमार, कुंदन कुमार, वार्ड सदस्य सत्यदेव पासवान, जितेंद्र पासवान आदि ने बताया कि यहां वार्ड संख्या 1 से वार्ड संख्या 7 में पिछले 15 दिनों से जल की आपूर्ति ठप है।

- Sponsored Ads-

नल से पानी नही आ रहा है। इससे लोगों को भारी परेशानीयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार सूचना देने के बाद भी विभाग के अधिकारियों व कर्मियों द्वारा जलापूर्ति के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि पानी टंकी की नियमित सफाई भी नही होती है। इससे लोगों को गंदा पानी से ही काम करना पड़ रहा है। उन्होंने जल की नियमित आपूर्ति के साथ ही शुद्ध पेयजल के लिए नियमित रूप से पानी टंकी की साफ सफाई करने एवं कम से कम 6 घंटे प्रतिदिन नल से जल का लाभ लोगों को देने की मांग डीएम से की। नल जल के ऑपरेटरों ने भी जाम का समर्थन किया।

ऑपरेटर प्रवीण कुमार, राकेश कुमार, ओम प्रकाश सिंह आदि ने सड़क जाम के दौरान अपने बकाए मानदेय की राशि जारी करने की मांग की। जाम की सूचना पर भगवानपुर थानाध्यक्ष प्रतोष कुमार व वीरपुर की अंचलाधिकारी ललिता कुमारी ने मौके पर पहुंच लोगों से बात की। उन्होंने जल्दी ही वहां जलापूर्ति नियमित करने का आश्वासन दिया। तब लोगो ने जाम समाप्त किया। इस दौरान पीएचईडी के जेई मुरारी कुमार, जदयू नेता राम सुंदर सिंह कुशवाहा समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।

बीरपुर, बेगूसराय से गोपल्लव झा

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article