नौलागढ़ का प्राचीन इतिहास पुस्तिका का हुआ लोकार्पण

भव्य समारोह में राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा एवं साहित्य महापुरुष की उपस्थिति में हुआ पुस्तक का लोकार्पण।

भव्य समारोह में राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा एवं साहित्य महापुरुष की उपस्थिति में प्रो फुलेश्वर सिंह रचित पुस्तक का हुआ लोकार्पण।

डीएनबी भारत डेस्क 
बेगूसराय जिला के वीरपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नौलागढ़ में
रविवार को नौलागढ़ विकास मंच द्वारा प्रो फुलेश्वर सिंह रचित नौलागढ़ का प्राचीन इतिहास पुस्तिका का भव्य समारोह कार्यक्रम के बीच लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद प्रो राकेश सिन्हा ने कहा कि मैंने अब तक संसद में नौलागढ़ के विकास हेतु तीन बार मुद्दा उठाया है। आने वाले समय में नौलागढ़ के बारे में लोग एनसीईआरटी की पुस्तकों में पढ़ेंगे।

साथ ही यहां भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के लोग आयेंगे। इसकी खुदाई व संरक्षण के साथ साथ यहां एक संग्रहालय की स्थापना हेतु प्रयास करूंगा। मंच के संस्थापक व प्रत्यक्ष गवाह के संपादक पुष्कर प्रसाद सिंह ने नौलागढ़ के इतिहास का जिक्र करते हुये नौलागढ़ की विस्तृत खुदाई करवाने, एक संग्रहालय की स्थापना करने तथा बैती नदी की उड़ाही करवाने की मांग राज्यसभा सांसद से की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक राम चरित्र सिंह एवं मंच संचालन पुष्कर प्रसाद सिंह ने किया। स्वागत भाषण डॉ अखिलेश कुमार वर्मा द्वारा दिया गया। साथ ही आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों को चादर, स्मृति चिन्ह आदि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रो फुलेश्वर सिंह रचित नौलागढ़ के प्राचीन इतिहास पुस्तिका का लोकार्पण किया गया।

Midlle News Content

इतिहासकार प्रो फुलेश्वर सिंह ने कहा कि यह क्षेत्र प्राचीन काल में काफी समृद्ध था। पाली साहित्य में जिक्र है कि गौतम बुद्ध इस क्षेत्र का दो बार भ्रमण किये थे। प्राचीन काल में नौलागढ़ में विकसित बाजार था व समृद्ध ग्रामीण संस्कृति फैली हुई थी। यहां मौर्य काल के मृद भांड व सम्राट अशोक द्वारा निर्मित फसियारा के सबूत भी मिले हैं। इसका स्वर्णिम काल पाल काल में था।

पाल वंशीय राजा ने नौलागढ़ को अपनी राजधानी बनाई थी। उन्होंने कहा कि नौलागढ़ के विस्तृत खुदाई से इसके ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व का पता चलेगा तथा कई ऐतिहासिक तथ्यों से पर्दा उठेगा। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र में प्राचीन संस्कृति छिपी है। इस क्षेत्र का समुचित विकास होगा और इस धरती पर विदेशी पर्यटक भी आयेंगे।

वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण प्रियदर्शी ने कहा कि नौलागढ़ की विस्तृत खुदाई होने व संग्रहालय की स्थापना होने से यह बेगूसराय की खूबसूरती बढ़ाएगा। इस अवसर पर मंच के सदस्य अमरेंद्र कुमार सिंह तथा मुखिया ऋचा देवी ने सांसद को मांग पत्र सौंपा। कार्यक्रम को जीडी कॉलेज के प्राचार्य राम अवधेश सिंह, मंच के ललन सिंह, पत्रकार महेश भारती, रामकुमारी देवी, राम सागर सिंह आदि ने भी संबोधित किया।

मौके पर जिला पार्षद शिल्पी कुमारी, प्रखंड प्रमुख मीना देवी, मुखिया दीपक कुमार, पूर्व मुखिया रामप्रवेश सिंह, अरुण प्रसाद सिंह, अनिल सिंह, रामानंद तिवारी, शिक्षक संत कुमार सहनी, राम सागर सिंह, शिवपूजन सिंह, अविनाश कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन सेवानिवृत्त शिक्षक रमेश प्रसाद सिंह ने किया।

बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा

- Sponsored -

- Sponsored -