बेगूसराय में अपहृत नीतीश का शव बरामद, परिजन जता रहे सौतेले साला पर हत्या की आशंका

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

बेगूसराय में एक बार फिर अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम देते हुए एक युवक का अपहरण के बाद हत्या कर दी। युवक का शव मिलने के साथ ही परिजनों में हाहाकार मच गया है। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। गौरतलब है कि 2 दिसंबर को नीतीश कुमार नामक युवक का उस वक्त अपहरण कर लिया गया था जब वह जीडी कॉलेज में अपनी पत्नी को स्नातक की परीक्षा दिलाने के लिए आया था और बीती रात खगरिया जिले के रहुआ में पुलिस ने नीतीश कुमार का शव बरामद किया है। परिजनों ने सीधे-सीधे अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया है।

- Sponsored Ads-

दरअसल बेगूसराय जिले के डंडारी थाना क्षेत्र के बलहा की रहने वाली फुल कुमारी ने रतनपुर थाना में लिखित रूप से आवेदन देते हुए आरोप लगाया था कि 2 दिसंबर को जब उसकी स्नातक की परीक्षा चल रही थी तो वह अपने पति नीतीश कुमार के साथ परीक्षा देने पहुंची थी। लेकिन जब वह परीक्षा खत्म होने के बाद बाहर निकली तो उसके पति नीतीश कुमार गायब थे। आसपास के लोगों से पूछने पर पता चला कि स्कार्पियो सवार कुछ अपराधियों ने नीतीश कुमार का अपहरण कर लिया है। तत्पश्चात फूल कुमारी ने परिजनों को इसकी सूचना दी और परिजनों के आने के बाद रतनपुर थाने में पीड़िता के द्वारा अपहरण का मामला दर्ज करवाया गया। लेकिन बीती रात खगड़िया जिले के रहुआ से नीतीश कुमार का शव बरामद किया गया।

परिजनों का आरोप है कि अपराधियों के द्वारा पहले नीतीश कुमार का अपहरण किया गया और फिर उसकी पिटाई के बाद हत्या कर शव को दूसरे जिले में फेंक दिया गया है। परिजनों के अनुसार नीतीश कुमार के ससुराल में पत्नी के सौतेले भाई के साथ उनके ससुराल वालों का जमीनी विवाद चल रहा था और इसी वजह से नीतीश की पत्नी फूल कुमारी के सौतेले भाई के द्वारा ही इस घटना को अंजाम देने की आशंका की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने उक्त मामले में 3 लोगों को हिरासत में लिया है एवं हिरासत में लिए लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद ही नीतीश की हत्या की जानकारी मिली और तत्पश्चात पुलिस ने शव को बरामद किया है। लेकिन पुलिस अभी उक्त मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।

 बेगूसराय से सुमित कुमार (बबलू)

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article