तेघड़ा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की मांग के लिए 4 दिसंबर को दी जाएगी धरना

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

अनुमंडल मुख्यालय स्थित तेघड़ा रेलवे स्टेशन की विभिन्न समस्याओं को लेकर आगामी 4 दिसंबर को शांतिपूर्ण धरना का आयोजन होगा। इस संबंध में शनिवार को संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक समाजसेवी तारकेश्वर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पूर्व डीएसपी सुनील कुंवर ने कहा कि अनुमण्डल मुख्यालय का तेघड़ा रेलवे स्टेशन विभिन्न जरूरी सुविधाओं से वंचित है। इस स्टेशन पर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया है जिसके कारण आमजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

समिति के संयोजक अधिवक्ता शशिभूषण भारद्वाज ने कहा कि ऐतिहासिक तेघड़ा रेलवे स्टेशन सरकारी उपेक्षा का शिकार है। इस स्टेशन पर पूर्व में बहाल कई सुविधाओं को समाप्त कर इसे हॉल्टनुमा स्टेशन बनाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्टेशन की समस्याओं के लिये पूर्व में कई बार धरना प्रदर्शन किया गया किन्तु एक दो समस्या को छोड़कर बाकी समस्यायें जस की तस बनी हुई है। विगत दिनों राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने भी स्टेशन का निरीक्षण किया था और समस्याओं के शीघ्र निदान होने की बात कही थी किन्तु वह ढाक के तीन पात साबित हुये।

- Sponsored Ads-

बैठक को भाजपा नेत्री शालिनी देवी, लोजपा नेता बैजनाथ महाराज, राजद नेता कामदेव यादव, पूर्व मुखिया अशोक सिंह, अशोक मिश्रा, जदयू नेता अशोक कुमार सिंह उर्फ भासो आदि ने भी सम्बोधित किया एवं एक स्वर से सभी ने स्टेशन की समस्याओं के लिये आंदोलन का समर्थन किया। अंत में सदस्यों ने स्टेशन पर विभिन्न समस्याओं को लेकर आगामी 4 दिसम्बर को एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना देकर रेल अधिकारियों को माँगों का ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। इस हेतु आंदोलन को सफल बनाने के लिये विभिन्न समितियों का सर्वसम्मति से गठन किया गया। मौके पर मुखिया पंकज पासवान, चन्द्रशेखर कुमार, अधिवक्ता प्रमोद कुमार, बसंत कुमार आदि उपस्थित थे।

तेघड़ा, बेगूसराय से शशिभूषण भारद्वाज 

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article