डीएनबी भारत डेस्क
खगड़िया। खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी डॉ. एन.के. यादव के समर्थन में खगड़िया स्थित एक निजी होटल में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने स्नातक मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। प्रेसवार्ता में विधायक बबलू मंडल, विधायक बाबूलाल तथा एनडीए के विभिन्न घटक दलों के जिलाध्यक्ष एवं नेता उपस्थित रहे।

सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि हम सभी एकजुट होकर कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए के प्रत्याशी डॉ. एनके. यादव के पक्ष में मतदान करने के लिए सभी मतदाताओं से अपील करते हैं। साथ ही, हमारा निवेदन है कि यदि हम अपने क्षेत्र का विकास चाहते हैं, तो ऐसे व्यक्ति को विधान परिषद में चुनकर भेजना चाहिए, जो संवाद करे। जहां विवाद की राजनीति होती है, वहां विकास अवरुद्ध होता है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का कोई प्रत्याशी जीतकर जाता है, तो वह केवल विरोध की राजनीति करता है। जहां विरोध की राजनीति होती है, वहां विकास की गति प्रभावित होती है। वर्तमान में केंद्र और राज्य, दोनों जगह एनडीए की सरकार है। ऐसे में एनडीए का विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होकर जाता है, तो क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने में सहूलियत होगी।
खगड़िया संवाददाता राजीव कुमार की रिपोर्ट