डीएनबी भारत डेस्क
सिमरिया (बेगूसराय): राष्ट्रकवि दिनकर स्मृति विकास समिति द्वारा आयोजित 118वें दिनकर जयंती समारोह के 10वें दिन मंगलवार को सिमरिया के विभिन्न चौराहों व नुक्कड़ों पर सभाएं आयोजित की गईं। इन सभाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों को 23 और 24 सितंबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई।
समिति के संयुक्त सचिव विनोद बिहारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 23 सितंबर को जयंती के अवसर पर सुबह 10:00 बजे दिनकर आवास और पंचायत भवन स्थित राष्ट्रकवि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दिनकर पुस्तकालय परिसर स्थित दिनकर स्मृति सभागार में मुख्य समारोह आयोजित होगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, पथ निर्माण मंत्री इंजी. शैलेंद्र कुमार, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, स्थानीय विधायक रजनीश कुमार और बेगूसराय नगर विधायक कुंदन कुमार उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि 24 सितंबर (गुरुवार) को दिनकर स्मृति सभागार में दोपहर 12:00 बजे से अंतरराष्ट्रीय रंग निर्देशक प्रणब मुखर्जी के निर्देशन में सनबीम स्कूल, वाराणसी के कलाकारों द्वारा दिनकर की कविताओं पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 01:00 बजे से ‘दिनकर और हमारा समय’ विषय पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित होगी। इस संगोष्ठी में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रो. कमलानंद झा, प्रख्यात लेखक अभय कुमार ठाकुर, जामिया मिलिया इस्लामिया (दिल्ली) के प्रो. सरवरूल हुदा और प्रो. कमलेश कुमार मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।
इसी सत्र में समिति की स्मारिका ‘समर शेष है… 14’ का विमोचन किया जाएगा तथा ‘दिनकर सृजनात्मक प्रतियोगिता-2026’ के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद शाम 05:00 बजे से दिनकर आवास परिसर में एक विराट कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
मंगलवार को आयोजित नुक्कड़ सभाओं में समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष रामनाथ सिंह, पुस्तकालय अध्यक्ष विश्वंभर सिंह, शिक्षक जितेंद्र झा, अमरदीप सुमन, प्रियव्रत कुमार, राधे कुमार और संजीव फिरोज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बेगूसराय सिमरिया से कृष्ण मुरारी की रिपोर्ट