डीएनबी भारत डेस्क
वीरपुर (बेगूसराय): ऐतिहासिक धरती वीरपुर में 100 वर्षों से भी अधिक समय से श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन होता आ रहा है। हालांकि, मुख्य पूजा पंडाल क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर बीते 10 वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला पार्षद, विधायक, सांसद से लेकर जिले के वरीय पदाधिकारियों तक बार-बार गुहार लगाने के बावजूद इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकला।

शनिवार को मेला उद्घाटन के दिन कीचड़ युक्त सड़क पर श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी फजीहत झेलनी पड़ी। श्रद्धालुओं की इस परेशानी से मर्माहत होकर वीरपुर पूर्वी पंचायत के पूर्व मुखिया रामप्रवेश सिंह ने रविवार की अहले सुबह सराहनीय पहल की। उन्होंने अपने निजी कोष से करीब 300 फीट तक सड़क पर ईंट सोलिंग का कार्य करवा दिया।
ईंट सोलिंग कराने से पूर्व उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर खुद घंटों कुदाल चलाकर सड़क से कीचड़ हटाने का काम किया। पूर्व मुखिया के इस नेक कदम से मेला आयोजकों, ग्रामीणों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि सड़क की बदहाली और जलजमाव से आक्रोशित ग्रामीणों ने बीते 27 अगस्त को इसी मार्ग पर धान व मक्के का पौधा रोपकर विरोध जताया था। उस दौरान पथ निर्माण विभाग व जिला प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ वीरपुर-पकठौल मुख्य मार्ग और वीरपुर पीएचसी मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम रखकर उग्र प्रदर्शन भी किया गया था। बावजूद इसके प्रशासनिक उदासीनता के बीच पूर्व मुखिया की इस पहल ने आम लोगों का दिल जीत लिया है।
बेगूसराय वीरपुर संवाददाता गोपल्लव झा की रिपोर्ट