परिजन हुए नाराज,कड़ी सुरक्षा के बीच ट्रेन को किया गया रवाना, नालंदा रेलवे स्टेशन की घटना, रेल डीएसपी,राजगीर डीएसपी मौजूद रहे।
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के धनियामा गांव निवासी स्वीटी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने स्टेशन पहुंचकर हंगामा किया और रेलवे कर्मियों पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया।बताया जाता है कि स्वीटी कुमारी अपने सहेलियों के साथ नालंदा खंडहर घूमने आई थी।

घूमने के बाद ट्रेन पकड़ने के लिए वह नालंदा रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान पटरी पार करते समय वह मालगाड़ी की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का आरोप है कि जिस समय स्वीटी पटरी पार कर रही थी, उसी पटरी पर मालगाड़ी आ रही थी। आरोप है कि मौके पर मौजूद झंडी दिखाने वाली रेलकर्मी ने युवती को पटरी पार करने से नहीं रोका। परिजनों ने इसी लापरवाही को हादसे की वजह बताया है।
हादसे के बाद स्टेशन पर तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए रेल डीएसपी, राजगीर डीएसपी, कई थानों के थानाध्यक्ष और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पलामू एक्सप्रेस को स्टेशन से रवाना कराया गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज बनाने की मांग की है, ताकि यात्रियों को जान जोखिम में डालकर रेलवे पटरी पार न करनी पड़े।
राजगीर डीएसपी ने बताया कि युवती घूमने के लिए नालंदा आई थी और स्टेशन पर पटरी पार करने के दौरान हादसा हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में अगर किसी रेलकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएनबी भारत डेस्क