2019 के विवाद ने फिर ली एक जान।छबीलापुर थाना के केसरी बीघा में सनसनी, सात बदमाशों ने घर में घुसकर की हत्या।
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा जिले में खून का बदला खून से लेने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छबीलापुर थाना क्षेत्र के केसरीबीघा गांव में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर छोटे यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के पीछे वर्षों पुरानी चुनावी रंजिश की बात सामने आ रही है।मृतक के रिश्तेदार ने बताया कि वर्ष 2019 में पथरौरा पंचायत के मुखिया चुनाव में छोटे यादव की पत्नी ने अपने ही गोतिया (रिश्तेदार) के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
इस चुनाव में छोटे यादव की पत्नी विजयी हुए थे, जबकि राजो यादव की पत्नी ऊषा देवी को हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव परिणाम के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी और तभी से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। परिजनों का कहना है कि वर्ष 2019 में ही छोटे यादव के भतीजे रवि यादव की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब छोटे यादव की हत्या के बाद परिजन इसे उसी खूनी दुश्मनी का सिलसिला बता रहे हैं। आरोप है कि देर रात करीब सात की संख्या में बदमाश घर में घुस आए और छोटे यादव को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। विरोध करने पर उनके बेटे सागर कुमार पर भी हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी तरह जान बचाने में सफल रहा।
परिजनों के अनुसार छोटे यादव करीब पांच महीने पहले ही जेल से छूटकर घर लौटे थे। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ संजीत कुमार गुप्ता छबीलापुर थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
डीएनबी भारत डेस्क