डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर भगवानपुर अपर थाना अध्यक्ष सुमित कुमार एस आई राहुल कुमार, अमरदान टीगा ने पुलिस बल के साथ छापेमारी कर विदेशी शराब की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक स्कॉर्पियो तथा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस द्वारा उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुल 180 एमएल की 66 पेटियों में रखी 48-48 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 570.24 लीटर बताई जा रही है।पुलिस ने मौके से एक पिकअप वाहन तथा एक स्कॉर्पियो-एन को जब्त किया है। इसके अलावा सैमसंग कंपनी के दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन और एप्पल कंपनी का एक स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान केशव मिश्रा (32 वर्ष) एवं लालबाबू कुमार (29 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों आरोपी चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के आकोपुर गांव के निवासी बताए जाते हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट