गुरु-शिष्य परंपरा शर्मसार! हेडमास्टर की करतूत पर भड़के ग्रामीण, पुलिस ने कमरे से निकाल कर लिया हिरासत में
डीएनबी भारत डेस्क

बड़ी खबर समस्तीपुर से है जहाँ स्कूल के हेडमास्टर हरि नारायण राम पर बैड टच का आरोप लगा है। 7 वीं क्लास की छात्रा ने पैरेंट्स को बैड टच की जानकारी दी थी। कहा था कि मुझे केबिन में बुलाया था। परिजन ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे और बवाल मचा दिया।
परिजन और ग्रामीण हंगामा करने लगे। लोगों के आक्रोश को देख हेडमास्टर ने खुद को कार्यालय में बंद कर लिया। मामला बिगड़ता देख अन्य शिक्षकों ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने लोगों के समझाया और हेडमास्टर को अपने साथ थाने ले गई। मामला वारिसनगर प्रखंड के मनियापुर उत्क्रमित रामपुर उर्दू मध्य विद्यालय का है। आरोप है कि हेडमास्टर ने छात्रा को अपने केबिन में बुलाया था और बैड टच किया।
स्कूल से छुट्टी होने के बाद छात्रा घर पहुंची और मां से पूरी बात कही।परिजन काफी आक्रोशित हो गए थे, पर स्कूल बंद हो गया था।जब आज सुबह स्कूल खुला तो परिजन ने गांव के लोगों को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद भारी संख्या में लोग स्कूल परिसर में पहुंचे। सभी शिक्षक पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहले डायल-112 की पुलिस पहुंची, फिर भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
जिसके बाद वारिसनगर थाना से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा।पुलिस ने लोगों को जांच का भरोसा दिया, तब लोग शांत हुए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने प्रधानाध्यापक को कमरे से बाहर निकाला।आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी ।वारिसनगर थाना अध्यक्ष सर्वेश झा ने कहा कि हेडमास्टर पर स्कूल की छात्रा ने बैड टच का आरोप लगाया गया है।
जिसके बाद स्कूल में अभिभावक हंगामा कर रहे थे। सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। सुरक्षा को देखते हुए हेडमास्टर को हिरासत में लिया गया है। हालांकि अभी परिवार की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट