डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर प्रखंड के तेयाय ओपी क्षेत्र में शराब पीकर हंगामा करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय भेज दिया।

इस संबंध में तेयाय ओपी अध्यक्ष कुमारी निकिता भारती ने बताया कि तेयाय गांव निवासी स्वर्गीय मनोज चौधरी के पुत्र सुमित कुमार शराब के नशे में धुत होकर अपने ही गांव में स्थित पानी टंकी पर चढ़कर हल्ला-गुल्ला और उत्पात मचा रहा था। उसके इस व्यवहार से आसपास के लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।वहीं दूसरी घटना में रघुनंदनपुर गांव निवासी अभय चौधरी के पुत्र त्रिपुरारी कुमार भी शराब पीकर गांव में हंगामा कर रहा था।
स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।ओपीध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों की चिकित्सीय जांच कराई गई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को व्यवहार न्यायालय बेगूसराय भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने का संदेश गया है। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शराब सेवन एवं किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट