डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में आज ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाया गया।शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ ईद की नमाज अदा की।

बेगूसराय के पोखरिया स्थित जामा मस्जिद में हजारों की संख्या में नमाजियों ने एक साथ सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। इस दौरान मस्जिद परिसर में भाईचारे और सौहार्द का अनोखा दृश्य देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।ईद के मौके पर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।इस मौके पर नमाजियों ने देश की खुशहाली, अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं।
लोगों ने बताया कि रमजान के पूरे 30 रोजे रखने के बाद ईद का त्योहार अल्लाह का शुक्रिया अदा करने और खुशियां बांटने का दिन होता है।फिलहाल पूरे बेगूसराय में ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है और हर तरफ खुशियों का माहौल बना हुआ है।
डीएनबी भारत डेस्क