डीएनबी भारत डेस्क
ईरान में जारी अमेरिका इजराइल युद्ध के बीच अब भारत में भी इसका असर अफवाहों के रूप में देखने को मिल रहा है। वैश्विक स्तर पर एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। खासकर पेट्रोल और गैस की कीमत बढ़ने तथा गैस की किल्लत की चर्चा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

यही वजह है कि सुबह होते ही लोग अपने-अपने खाली गैस सिलेंडर लेकर गैस गोदाम की ओर दौड़ पड़ रहे हैं। हालांकि बिहार के कई जिलों में गैस की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन नालंदा में फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इसके बावजूद अफवाहों के कारण लोग सुबह-सुबह गैस गोदाम पहुंचकर सिलेंडर लेने के लिए भीड़ लगा रहे हैं। भारत गैस गोदाम के कर्मचारियों का कहना है कि गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। रोजाना एक ट्रक गैस गोदाम तक पहुंच रहा है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से आपूर्ति भी की जा रही है।
लेकिन सोशल मीडिया और कुछ खबरों के चलते लोगों में यह डर बैठ गया है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का असर जल्द ही पेट्रोल और गैस की कीमतों पर पड़ सकता है। इसी आशंका के कारण लोग पहले से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए जल्दबाजी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पहले उपभोक्ताओं को 21 दिनों के भीतर गैस की आपूर्ति मिल जाती थी, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अब 25 दिनों के बाद ही सिलेंडर देने की बात कही जा रही है। वहीं दूसरी ओर होटल और ढाबा संचालकों द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग भी तेजी से बढ़ गई है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें गैस लेने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है पहले जितनी आसानी से गैस उपलब्ध होती थी अब वैसी स्थिति नहीं है। हालांकि जरूरत के अनुसार अभी भी गैस की आपूर्ति हो रही है। गैस कर्मचारियों ने बताया कि हमारे पास फिलहाल गैस की कोई बड़ी कमी नहीं है लेकिन लोगों में युद्ध के कारण भविष्य में आपूर्ति रुकने का डर सता रहा है।
डीएनबी भारत डेस्क