बिहारशरीफ से राजगीर तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जली होलिका: सुख-समृद्धि की कामना के साथ रंगों के पर्व का आगाज
डीएनबी भारत डेस्क

नालंदा जिले में होली पर्व की पूर्व संध्या पर श्रद्धा, आस्था और उल्लास के माहौल में विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय बिहारशरीफ समेत रहुई, चंडी, राजगीर और अन्य प्रखंडों में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन संपन्न हुआ।
पौराणिक मान्यता के अनुसार होलिका दहन भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति और सत्य की विजय का प्रतीक माना जाता है। इसी संदेश के साथ लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संकल्प दोहराया। शुभ मुहूर्त में होलिका में अग्नि प्रज्वलित की गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
होलिका दहन के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
बिहारशरीफ मुख्यालय सहित जिले भर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। देर रात तक प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल स्थिति पर नजर बनाए रहे।
मौके पर मौजूद उप विकास आयुक्त शुभम कुमार ने बताया कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा गश्ती दल लगातार सक्रिय हैं।
होलिका दहन के साथ ही नालंदा जिले में रंगों के पर्व होली की औपचारिक शुरुआत हो गई है। बुधवार को जिले भर में रंग-गुलाल के साथ पारंपरिक उत्साह और उमंग के बीच होली मनाई जाएगी।
डीएनबी भारत डेस्क