यहां अब तक नहीं पहुंचा पेयजल का पाइप कनेक्शन, लोग हैं परेशान

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

बेगूसराय के खोदावंदपुर प्रखंड के बाड़ा गांव के अनेक परिवारों के सामने पेयजल की किल्लत है। पीने का पानी नहीं मिलने से ऐसे दर्जनों परिवार परेशान हैं। पेयजल की किल्लत झेल रहे लोगों को राहत नहीं मिल रही है। पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ठोस उपाय करने का दिया गया आश्वासन भी असरहीन हो रहा है। जिससे लोगों में असन्तोष व्याप्त है।

- Sponsored Ads-

क्या है मामला
बाड़ा पंचायत के वार्ड नं 6 और इसके अलावे अन्य कई वार्डों में नल जल योजना का कनेक्शन नहीं पूरी तरह से नहीं किया गया है जबकि इस पंचायत में भारत नीर निर्मल परियोजना से पिछले तीन वर्षों से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। पेयजल योजना से बंचित परिवार पानी की किल्लत से काफी परेशान हैं।

जानकारी देते हुए बाड़ा पंचायत के वार्ड नं 6 में रहने वाले बालेश्वर झा, अशोक कुमार झा, सुधीर कुमार झा, संतोष कुमार झा, राजन कुमार झा, अमित कुमार झा, रिंकू झा, अश्विनी कुमार झा, कृष्ण कुमार झा, विजय कुमार झा आदि ने बताया कि उनके पंचायत में भारत नीर निर्मल परियोजना से पेयजलापूर्ति हो रही है परन्तु विभाग के ठेकेदार के द्वारा उनके घरों तक अबतक पाइप कनेक्शन ही नहीं किया गया है। जिससे उन लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इसकी शिकायत पंचायत के जन प्रतिनिधियों से कई बार की जा चुकी है। परन्तु अबतक इस समस्या का निदान नहीं हुआ है। पेयजल योजना के लाभ से वंचित इन लोगों ने बताया कि विगत लोकसभा चुनाव के दौरान उनलोगों ने पानी नहीं तो वोट नहीं का नारा दिया था। इसको लेकर थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने जल्द से जल्द इस समस्या का निराकरण करवाने का आश्वासन उनलोगों को दिया था। परन्तु चुनाव सम्पन्न होते ही यह मामला ठंढे बस्ते में चला गया है।

कहते हैं पंचायत की मुखिया
बाड़ा पंचायत की मुखिया बेबी देवी एवं पूर्व मुखिया टिंकू राय ने जानकारी देते हुए बताया कि पानी टॉवर से घर घर पाइप लाइन बिछाते समय ही ठेकेदार द्वारा जानबूझकर कुछ परिवारों को छोड़ दिया गया था। नक्शे के अनुरूप पाइप कनेक्शन करने की बात बताकर ठेकेदार ने बाड़ा गांव के दर्जनों परिवारों को पाइप कनेक्शन से बंचित कर दिया। इसकी शिकायत करने पर ठेकेदार ने बताया था कि नक्शे के अनुसार पाइप कनेक्शन का कार्य किया जाना है।

बाद में छूटे हुए परिवारों को भी पाइप कनेक्शन से जोड़ने की बात कही थी। परन्तु वंचित परिवारों का पाइप कनेक्शन आज तक नहीं किया है। मुखिया ने बताया कि इस मामले की लिखित शिकायत विभाग के कार्यपालक अभियंता से उनके स्तर से कई बार की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि विभाग के कार्यपालक अभियंता ने इस समस्या का निराकरण करने का भरोसा दिया है।

मामला चाहे जो भी हो सरकार नल जल योजना के तहत सभी परिवारों को पीने के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। यह योजना धरातल पर कार्यरत भी है। परन्तु विभाग से जुड़े ठेकेदार की मनमानी और लापरवाही से बहुत से परिवार इस योजना के लाभ से बंचित हो रहे हैं। ठेकेदार की गलत कार्यशैली का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article