पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर राज्यपाल, पीएम समेत राजनेताओं ने जताया दुःख

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुशील मोदी का इलाज के दौरान निधन हो गया। सुशील मोदी के निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर सुन हर कोई सन्न रह गया। सुशील मोदी की निधन की खबर सुन सभी दलों के नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की।

- Sponsored Ads-

सुशील मोदी की निधन की खबर सुनते ही बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अरलेकर ने शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि ‘बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का निधन अत्यंत दुखद है। वह जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही थे और भ्रष्टाचार के विरुद्ध आजीवन संघर्षरत रहे। बिहार के वित्त मंत्री के रूप देश में उनकी एक विशिष्ट पहचान थी तथा जीएसटी पारित कराने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे एक कर्मठ राजनेता और कुशल प्रशासक थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनके परिजनों एवं प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति।’

सुशील मोदी की निधन की खबर सुन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि ‘पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए दुख जताया और लिखा कि ‘हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूँ। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। ABVP से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता। दुःख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति’।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हमने अपना सच्चा साथी को दिया। वहीं बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। राजद अध्यक्ष लालू यादव ने अपने छात्र जीवन के दोस्त को याद किया और शोक व्यक्त की। लालू यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वे एक जुझारू, समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’

पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील मोदी के निधन की खबर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से दी। सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा कि ‘बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद श्री सुशील कुमार मोदी जी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। यह बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है। ॐ शांति शांति’

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article