पौधारोपण के साथ ‘ग्रीन संडे’ अभियान की हुई शुरुआत, लोगों ने कहा…

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क

रविवार को ऐतिहासिक दुलारपुर मठ के प्रांगण में आयोजित समारोह में पर्यावरण एवं जल जीवन के संरक्षण के उद्देश्य को लेकर महत्वाकांक्षी ग्रीन संडे अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का विधिवत उद्घाटन तेघड़ा अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ रविन्द्र मोहन प्रसाद, थानाध्यक्ष संजय कुमार एवं महंथ प्रणव भारती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा वृक्षारोपण कर किया।

- Sponsored Ads-

मौके पर अतिथियों ने आम, नारियल और महोगनी के साथ तुलसी वाटिका का निर्माण कर तुलसी का पौधा लगाया। इस अवसर पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुये अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि ग्रीन संडे अभियान की शुरूआत एक अच्छी पहल है। इससे पर्यावरण एवं जल जीवन के संरक्षण में काफी सहयोग मिलेगा। उन्होंने इस अभियान में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ रविन्द्र मोहन प्रसाद ने कहा कि तुलसी और नीम औषधीय पौधे हैं जिनके उपयोग से कई तरह की बीमारियों से रक्षा हो सकती है। उन्होंने ग्रीन संडे अभियान को सतत चलाने एवं इसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

थानाध्यक्ष संजय कुमार ने तुलसी, नीम, पीपल सहित अन्य पेड़ पौधे के गुणों पर विस्तार से प्रकाश डाला एवं कहा कि पेड़ पौधे जीवन के अस्तित्व की रक्षा के लिये काफी महत्वपूर्ण है। अभियान के संयोजक शशिभूषण भारद्वाज ने कहा कि यह सतत चलने वाला अभियान है तथा इसके तहत तुलसी वाटिका और नीम कॉरिडोर का निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण योजनायें शामिल है। सभा की अध्यक्षता प्रसिद्ध शिक्षाविद सच्चिदानंद पाठक ने की जबकि धन्यवाद ज्ञापन करते हुये मुखिया महंथ प्रणव भारती ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया।

सभा को जदयू नेत्री रीना चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता कामिनी कुमारी, फ़िल्म अभिनेता अमिय कश्यप, राकेश कुमार महंथ आदि ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर अतिथियों को चादर से सम्मानित किया गया। मौके पर राम दिनेश चौधरी, विश्वनाथ यादव, पंसस महेन्द्र ठाकुर, ब्रह्मदेव पासवान, सरोज पासवान, सरोज कुमार चौधरी, राजीव कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

तेघड़ा, बेगूसराय से शशिभूषण भारद्वाज

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article