करीना के मौत का मामला पुलिस के लिए सरदर्द, ग्रामीणों ने पुलिस गाड़ी का निकाला हवा, आरोपी को फांसी की मांग को लेकर प्रदर्शन

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

बेगूसराय में 12 दिसंबर की रात्रि नाबालिग छात्रा करीना की मौत का मामला अब पुलिस के लिए भी सिरदर्द बनता जा रहा है। एक तरफ जहां हिरासत में लिए गए शिक्षकों को छोड़ने की जिद लेकर पूरे जिले के शिक्षक धरना प्रदर्शन एवं गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं तो वहीं ग्रामीणों के द्वारा भी लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है और आरोपी को फांसी देने की मांग की जा रही है। दरअसल 12 दिसंबर की रात्रि बीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा डीह मध्य विद्यालय में आठवीं क्लास की छात्रा करीना कुमारी का शव उसी के वर्ग कक्षा में पंखे से लटकता हुआ पाया गया था तथा कक्षा के बोर्ड पर एक सुसाइड नोट भी लिखा हुआ था। लेकिन ग्रामीणों एवं परिजनों का सीधा सीधा आरोप है कि करीना कुमारी की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटकाया गया था।

- Sponsored Ads-

मामले में डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल की टीम भी आई थी। एसपी योगेंद्र कुमार के अनुसार एफएसएल की टीम को भी कई साक्ष्य मिले हैं और उस पर अनुसंधान किया जा रहा है। आज बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार स्वयं भी विद्यालय जाकर इस मामले की जांच की। लेकिन जब एसपी योगेंद्र कुमार एवं पुलिस बल वापस लौट रही थी तो ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया एवं कई पुलिस की गाड़ियों पर डंडे बरसाए। साथ ही साथ गाड़ियों के हवा निकाल दिए।

एसपी योगेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए कहा है कि फिलहाल इस मामले में 7 लोगों को नामजद अभियुक्त बना कर जांच पड़ताल की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा की घटना का की मूल वजह क्या है। लेकिन उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि कहीं न कहीं विद्यालय प्रबंधन की भी लापरवाही है क्योंकि बंद कक्षा में अगर किसी छात्रा का शव मिलता है तो कहीं ना कहीं यह कहा जा सकता है कि विद्यालय बंद करते समय गार्ड एवं शिक्षकों ने लापरवाही दिखाई और छात्रा को वर्ग के अंदर ही छोड़ दिया। इस बिंदु पर भी जिला शिक्षा पदाधिकारी को जांच के लिए निर्देशित किया गया है।

फिलहाल पुलिस सारे बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। वहीं मृतक छात्रा की सहपाठी ने उक्त मामले में कहा है कि 12 दिसंबर को जब वह करीना के साथ बाहर निकल रही थी तो विद्यालय के गार्ड ने उसे बुला लिया था और अगले दिन करीना का शव बरामद किया गया ।

बेगूसराय से सुमित कुमार (बबलू)

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article