बारिश ने धोया दूसरा वनडे मैच, सीरीज में 1- 0 से आगे है न्यूजीलैंड

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया। हैमिल्टन के मैदान में आज सुबह से ही बारिश हो रही थी। हालांकि, मैच से पहले बारिश रुकी, लेकिन मैदान गीला होने की वजह से टॉस देरी से हुआ। 4.5 ओवर का खेल होने के बाद बारिश लौट आई। मैच फिर से शुरू हुआ तो दोनों पारियों में से 21 ओवर काट दिए गए थे। इस मुकाबले में कुल 12.5 ओवर का खेल हो पाया, जिसमें भारत ने एक विकेट खोकर 89 रन बनाए।

- Sponsored Ads-

मैच रद्द होने के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैच की सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है। फिलहाल कीवी टीम सीरीज में 1-0 से आगे है और भारत के पास आखिरी मुकाबला जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी करने का मौका है। वहीं, आखिरी मैच में भारत के हारने पर या रद्द होने पर न्यूजीलैंड सीरीज अपने नाम करेगा। भारतीय कप्तान शिखर धवन एक बार फिर टॉस हार गए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। कप्तान धवन और शुभमन गिल ने धीमी शुरुआत की। भारत ने 4.5 ओवर में 22 रन बना लिए थे, तभी बारिश आ गई। बारिश के बाद जब खेल शुरू हुआ तो मैच 50 ओवर की बजाय 29 ओवर का कर दिया गया था। ऐसे में दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाने का फैसला किया और कप्तान धवन इसी प्रयास में आउट हो गए।

धवन ने 10 गेंद में तीन रन बनाए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के लिए आए और गिल के साथ मिलकर उन्होंने शानदार साझेदारी की। इन दोनों ने 12.5 ओवर में भारत का स्कोर 89 रन तक पहुंचा दिया, लेकिन इसके बाद फिर बारिश शुरू हो गई और अंपायरों ने मैच को रद्द करने का फैसला किया। गिल इस मैच में 42 गेंद में 45 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए एकमात्र विकेट मैट हेनरी ने लिया।

सुजीत कुमार 

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article