डीएनबी भारत डेस्क
बरौनी। ए.पी.एस.एम. कॉलेज, बरौनी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर एनसीसी कैडेटों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर के साथ-साथ आसपास के गांवों में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
एनसीसी कैडेटों ने कॉलेज परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की तथा ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। कैडेटों ने लोगों से अपने घर, आसपास के क्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट शाम्भवी कुमारी, स्वीटी कुमारी, लाली कुमारी एवं राज कुमार ने स्वच्छता एवं गांधी जी के विचारों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस कार्यक्रम में कॉलेज के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. श्रवण कुमार, 9 बिहार बटालियन एनसीसी, बरौनी से जे.सी.ओ. परमजीत सिंह एवं पी.आई. नंदन थावे सहित एनसीसी के सभी कैडेटों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना था। पूरे कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन एनसीसी कैडेटों द्वारा किया गया।
डीएनबी भारत डेस्क