डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। प्रखंड क्षेत्र के मिडिल स्कूल मेहदौली सहित विभिन्न विद्यालयों में चेतना सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्कूली बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, घर एवं आसपास की साफ-सफाई, विद्यालय की स्वच्छता, हाथ धोने की सही विधि, शौचालय की स्वच्छता तथा कचरा प्रबंधन के बारे में जागरूक किया गया।

फोकल शिक्षक ने बच्चों को प्रतिदिन स्नान करने, नाखूनों की नियमित सफाई करने तथा स्नान के बाद साफ-सुथरे कपड़े पहनने की सलाह दी। साथ ही खुले में शौच से होने वाली समस्याओं, शौच के बाद हाथों की अच्छी तरह सफाई तथा गंदगी से फैलने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई।
बच्चों को खाना बनाने से पहले रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने तथा भोजन करने से पहले हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोने के महत्व के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता से संबंधित मॉकड्रिल भी कराया गया, ताकि वे सीखी गई बातों को व्यवहार में अपना सकें।
कचरा प्रबंधन को लेकर भी बच्चों को जागरूक किया गया। उन्हें हरे और नीले कूड़ेदान के उपयोग तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई।मौके पर एचएम अशोक कुमार सिंह, शिक्षक सुमन, अजनीश, अनिल, जय प्रकाश, ऋतु, संगीता सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद थे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट