डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के रसीदपुर पंचायत के शहीद कॉ फुलेना राय सभागार भवन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन बछवाड़ा अंचल का 7 वां सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन की अध्यक्षता सुमित कुमार ने किया। 7वें अंचल सम्मेलन का झंडोत्तोलन एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने किया। तत्पश्चात नेपाल में आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति मौन धारण कर शोक व्यक्त किया गया एवं उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने कहा कि इस देश की सरकार लगातार छात्रों पर हमलावर है केंद्र की सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से छात्रों के पाठ्यक्रम का सांप्रदायीकरण कर रही है रोजगार विहीन शिक्षा मॉडल को गरीब-वंचित वर्ग के छात्रों पर थोपा जा रहा है इसके खिलाफ देश भर के छात्र सड़कों पर उतर रहे हैं। लगातार छात्र यह मांग कर रहे हैं कि शिक्षा को सबों के लिए समान रूप से निशुल्क मुहैया कराया जाए एवं योग्यता अनुसार नौकरी रोजगार छात्रों को मिले। बिहार में भी छात्र पेपर लीक एवं नियमित रूप से प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित नहीं होने से छात्र आक्रोशित हैं।
इसलिये बछवाड़ा अंचल सम्मेलन के मौके पर हमें छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लेना होगा। क्योंकि यह लड़ाई आम छात्रों की लड़ाई है इसलिए हमें अपनी चट्टानी एकता का परिचय देने की जरूरत है। जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार एवं जिला सचिव सत्यम भारद्वाज ने संयुक्त रूप से कहा कि वर्तमान की केंद्र सरकार द्वारा बिना संसद में बहस किये इस देश की शिक्षा को पूरी तरह से गर्त में धकेलने वाली नई शिक्षा नीति 2020 जबरदस्ती थोप दिया गया। इसके खिलाफ भी आम छात्रों को संघर्ष तेज करने की जरूरत है। हमें अपने सम्मेलन में इसके लिए भी कार्यक्रम बनाने की जरूरत है।
वहीं ताइक्वांडो के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कैसर रेहान और अंचल सचिव सुमित कुमार चौधरी ने कहा कि बछवाड़ा अंचल सम्मेलन में जो नई कमिटी चुनी गई है एवं इसके नेता जो सचिव मंडल में चुने गए हैं उन पर छात्र आंदोलन को संगठित करने एवं बछवाड़ा अंचल के सभी छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी गई है। हमें यह उम्मीद है कि हमारा यह नया नेतृत्व अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे एवं एआईएसएफ को नई ऊंचाइयां पर ले जाएंगे। सम्मेलन में 21 सदस्यीय कमिटी एवं 5 सदस्यीय सचिवमंडल का चयन किया गया।
जिसके अध्यक्ष-ऋषभ कुमार, सचिव-साकेत कुमार,उपाध्यक्ष-सनोज यादव, सहसचिव-विक्रम कुमार, कोषाध्यक्ष- अजय कुमार को सर्वसम्मती से चुना गया। सम्मेलन को भाकपा अंचल मंत्री कॉमरेड भूषण सिंह,रसीदपुर के शाखा मंत्री कॉमरेड जगन्नाथ पासवान,नौजवान नेता राजेश चौधरी,किसान नेता पवन कुमार, संतोष चौधरी ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में राजन कुमार,बादल कुमार,शुभम कुमार,चिंटू कुमार,संतोष कुमार, विरेन्द्र कुमार, नीतू कुमारी, सोनाली कुमारी, गुड़िया कुमारी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
सम्मेलन संपन्न होने के उपरांत पटना में कल छात्रों के आंदोलन पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करवाने के खिलाफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया गया।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट