डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मध्य विद्यालयों में शनिवार को ‘सुरक्षित शनिवार’ कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को पानी में डूबने से बचाव और आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। मिडिल स्कूल मेहदौली, प्रखंड कॉलोनी, पालीडीह, अतरुआ, महेशपुर सहित अन्य विद्यालयों में फोकल शिक्षकों ने बच्चों को जल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

शिक्षकों ने बताया कि उफनती नदियों और घाटों के किनारे जाने से बचना चाहिए। नदी, तालाब या तेज बहाव वाले पानी में स्नान करना जोखिमपूर्ण है। बच्चों को विशेष रूप से पुल-पुलिया से पानी में कूदकर स्नान नहीं करने की सलाह दी गई। तालाब या अन्य जलस्रोत में उतरना जरूरी हो तो पहले उसकी गहराई का पता लगाना चाहिए।
इस दौरान बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति पानी में डूब जाए तो स्वयं तैरना नहीं आने की स्थिति में पानी में उतरकर बचाव का प्रयास नहीं करना चाहिए। सुरक्षित दूरी से रस्सी, बांस या अन्य उपलब्ध साधन की मदद से डूब रहे व्यक्ति को बाहर निकालने का प्रयास किया जा सकता है। बाहर निकालने के बाद प्राथमिक उपचार की जानकारी भी बच्चों को दी गई।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने डूबने की घटना से बचाव और प्राथमिक उपचार का मॉक ड्रिल कराकर बच्चों को व्यावहारिक जानकारी दी। शिक्षकों ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर जल दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
मौके पर प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सिंह, रईस, प्रमोद, विश्वनाथ, मनोज, अवधेश, शिक्षक सुमन, श्वेता, गीता, अजनीश, नितेश, प्रभात, अमित, अनिल सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट