डीएनबी भारत डेस्क
बरौनी:-डॉक्टर्स डे के अवसर पर बुधवार को किरण नेत्रालय सेवा समिति, फुलवरिया (तारा अड्डा, ऑक्सीजन फैक्ट्री के निकट, कैड़ीबाड़ी, बरौनी) के तत्वावधान में किरण नेत्रालय अस्पताल में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। पिछले 15 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस शिविर में इस वर्ष करीब 200 मरीजों की आंखों की जांच की गई।

जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाएं, चश्मे एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया गया।किरण नेत्रालय के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी संकल्प के तहत प्रत्येक वर्ष डॉक्टर्स डे पर नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर अपनी आंखों की जांच करा सकें।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उन्हें किरण नेत्रालय में ऑपरेशन के लिए आमंत्रित किया गया है। जिन मरीजों का ऑपरेशन आवश्यक होगा, उनका कम खर्च में आधुनिक लेंस प्रत्यारोपण तकनीक से सुरक्षित ऑपरेशन किया जाएगा।
डॉ. अजीत कुमार ने जानकारी दी कि किरण नेत्रालय में अत्याधुनिक कंप्यूटरीकृत नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध है। यहां प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिना टांके की आधुनिक तकनीक से मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाता है। ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को मुफ्त दवा, काला चश्मा, भोजन तथा शीतकाल में कंबल भी उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि किरण नेत्रालय सेवा समिति द्वारा गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस, दुर्गा पूजा एवं डॉक्टर्स डे जैसे विशेष अवसरों पर नियमित रूप से नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों से क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को काफी लाभ मिल रहा है।
शिविर को सफल बनाने में ऑप्टोमेट्रिस्ट रितिक कुमार, सोनाली भारती, इंद्रजीत मिश्रा, त्रिलोकीनाथ, मिंटू पासवान, आरती कुमारी, बादल कुमार, डॉ. बासु, डॉ. ओम कुमार, राहुल, ईशान सहित किरण नेत्रालय सेवा समिति के सभी कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
डीएनबी भारत डेस्क