राष्ट्रीय युवा दिवस पर SBIOA पटना की संगोष्ठी, स्वामी विवेकानंद के विचारों से राष्ट्र और संस्था निर्माण का आह्वान

DNB Bharat Desk

स्वामी विवेकानंद जयंती पर एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन की प्रेरणादायी पहल, युवाओं को उद्देश्यपूर्ण और नैतिक जीवन का संदेश। प्रधान राष्ट्रीय युवा दिवस पर SBIOA पटना की संगोष्ठी, स्वामी विवेकानंद के विचारों से राष्ट्र और संस्था निर्माण का आह्वान

पटना: एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन, पटना के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्टेट बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय स्थित कैंटीन में एक प्रेरणादायी सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद जी के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र-निर्माण में उनके योगदान पर विस्तृत परिचर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SBIOA, पटना के महासचिव अमरेश विक्रमादित्य ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन से प्रेरणा लेकर उद्देश्यपूर्ण, नैतिक एवं ऊर्जावान जीवन जीने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर आगे बढ़ो” का संदेश आज भी युवाओं के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि राष्ट्र और संस्था दोनों के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा निर्भीकता, कार्यस्थल पर पारदर्शिता एवं नैतिकता, सकारात्मक ऊर्जा के साथ कर्मठता और बैंक व राष्ट्र के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता ही स्वामी विवेकानंद जी की सच्ची प्रेरणा है।

इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष अरिजीत बोस तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पटना मंडल के उप महाप्रबंधक एवं मंडल विकास अधिकारी देवेश मित्तल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के उपेक्षित एवं वंचित वर्गों के उत्थान हेतु सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। सभा में लक्ष्मी नारायण पासवान, निकेश नंदन, प्रशांत कुमार मिश्रा, मुकेश कुमार, सीमा सिन्हा, संजीत सुमन सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संघ द्वारा गरीब एवं अनाथ बच्चों की शिक्षा हेतु कार्यरत संस्था “मां प्रेमा फाउंडेशन” को सहयोग स्वरूप एक चेक प्रदान किया गया। फाउंडेशन की ओर से ज्योति उपस्थित रहीं, जिन्होंने एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन, पटना द्वारा किए गए इस सामाजिक दायित्व निर्वहन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article