नहीं रहे नारेपुर बछवाड़ा के वालीबॉल के जादूगर प्रवीण कुमार सिंह, सम्पूर्ण खेल जगत में शोक की लहर

DNB Bharat

बछवाड़ा निवासी वालीबॉल के महान जादूगर का अचानक हृदयाघात के कारण चला जाना खेल जगत के लिए अपूर्णीय क्षति, बेगूसराय, अखण्ड बिहार के सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय वालीबॉल खिलाड़ी प्रवीण कुमार सिंह के असामयिक निधन से सम्पूर्ण खेल जगत में शोक की लहर।

डीएनबी भारत डेस्क 

नहीं रहे वालीबॉल के जादूगर बछवाड़ा नारेपुर निवासी प्रवीण कुमार सिंह। बेगूसराय जिला बछवाड़ा निवासी अखण्ड बिहार के सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय वालीबॉल खिलाड़ी प्रवीण कुमार सिंह के असामयिक निधन से सम्पूर्ण खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई। यारों के यार दिवंगत प्रवीण कुमार सिंह ने नारेपुर (बछवाड़ा) स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली।

- Sponsored Ads-

वो अपने पीछे पटना जिला में प्रधान शिक्षिका पद पर कार्यरत पत्नी सहित एक मात्र सन्तान बीटेक इंजीनियर राकेश रंजन “सोनू” को छोड़कर गए हैं। पिछले दिनों दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अब वे अच्छा महसूस कर रहे थे। लेकिन अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से विशेषकर वालीबॉल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। जिसकी भरपाई निकट भविष्य में सम्भव प्रतीत नहीं होता है।

बताते चलें कि मुज़फफ़रपुर विश्वविद्यालय से अपना वालीबॉल कैरियर प्रारम्भ कर उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वो लगातार मुज़फफ़रपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में लगातार करते रहे।

इसी दौरान धनबाद में एक आमंत्रण वालीबॉल प्रतियोगिता के क्रम में इनका चयन खेल प्रेमी अधिकारियों के द्वारा सीआईएसएफ, बोकारो टीम के लिए किया गया और तब तक उनका खेल परवान चढ़ चुका था और ब्लॉक के ऊपर से बॉल मारने की कला का खेलप्रेमी प्रवीण कुमार के मुरीद हो चुके थे।

उन्होंने अखण्ड बिहार के कई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व किया था। काफ़ी समय तक वो बोकारो में भी विभाग की सेवा नहीं दे पाए और उनका चयन सचिवालय, पटना वालीबॉल टीम में किया गया और उस दौरान कई ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में बिहार का झण्डा बुलंद करने में उन्होंने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में अपनी महती भूमिका निभाई।

28 फरवरी 2022 को बिहार कर्मचारी चयन आयोग के प्रशाखा पदाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त होकर वो वालीबॉल के विकास में दिन-रात लगे रहते थे। इस दुःखद समाचार को सुनकर बङी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उनके अन्तिम दर्शन के लिए उनके आवास पर पहुंचे।

मौके पर पुलिस निरीक्षक रामविलास चौधरी, सेवानिवृत पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार चौधरी, सेवानिवृत पुलिस अवर निरीक्षक रामप्रवेश सिंह और वालीबॉल कोच एवं कटिहार ज़िला वालीबॉल संघ के अवैतनिक सचिव दिवाकर भारती ने संयुक्त रूप से अंतर्राष्टीय वालीबॉल प्रशिक्षक और भारतीय वॉलीबॉल महासंघ के प्रणेता शेखर बोस की ओऱ से दिवंगत प्रवीण कुमार सिंह के चरणों में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजली अर्पित किया।

इस अवसर पर मुज़फफ़रपुर से विशेष रूप से पधारे सेवानिवृत्त एलआईसी अधिकारी और राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी कमल भसीम और राष्ट्रीय वॉलीबॉल निर्णायक करूणेश कुमार सहित कई अन्य लोगों ने महान वालीबॉल खिलाड़ी को भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। वहीं बेगूसराय ज़िला वालीबॉल संघ के अवैतनिक सचिव राकेश कुमार, संगठन सचिव राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी और एन आई एस वालीबॉल कोच शुभम कुमार सहित संघ के अधिकारियों ने भी प्रवीण कुमार के निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया।

मौके पर पूर्व राष्ट्रीय वालीबॉल खिलाड़ी संजीव कुमार, विनय कुमार, अनिल कुमार, अंजनी कुमार सहित अन्य लोंगो ने भी नम आंखों से उस महामानव के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उपस्थित हुए। प्रवीण कुमार के समकालीन अंतर्राष्ट्रीय वालीबॉल कोच जयदीप सरकार ने अपने शोक सन्देश में उन्हें अद्वितीय वालीबॉल खिलाड़ी के रूप में नमन किया है।

डीएनबी भारत की टीम बेगूसराय जिला बछवड़ा नारेपुर निवासी महान वालीबॉल खिलाड़ी को आश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करती है नमन करती है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
TAGGED:
Share This Article