जिलाधिकारी बेगूसराय ने खरीफ विपणन मौसम 2022-23 में धान अधिप्राप्ति के संबंध में सभी चयनित पैक्स अध्यक्षों के साथ की बैठक

DNB Bharat

इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, बेगूसराय जिला जन संपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारीगण एवं संबंधित पैक्स के अध्यक्ष थे उपस्थित।

डीएनबी भारत डेस्क 

जिलाधिकारी बेगूसराय रोशन कुशवाहा ने बुधवार को कारगिल विजय सभा भवन में जिला अंतर्गत खरीफ विपणन मौसम 2022-23 में धान अधिप्राप्ति के संबंध में सभी चयनित पैक्स अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, बेगूसराय जिला जन संपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारीगण एवं संबंधित पैक्स के अध्यक्ष उपस्थित थे।

- Sponsored Ads-

जिलाधिकारी बेगूसराय ने खरीफ विपणन मौसम 2022-23 में धान अधिप्राप्ति के संबंध में सभी चयनित पैक्स अध्यक्षों के साथ की बैठक 2

बैठक के क्रम में डीएम बेगूसराय ने खरीफ विपणन मौसम 2022-23 अंतर्गत जिले में सभी निबंधित इच्छुक एवं पात्र किसानों से धान अधिप्राप्ति के कार्यों को पारदर्शीपूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से संपादित कराने का निर्देश दिया। इसी कड़ी में उन्होंने वादा अधारित धान की अधिप्राप्ति नहीं करने, धान अधिप्राप्ति कराने वाले किसानों को प्राप्ति रसीद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के साथ ही अधिप्राप्ति कराने वाले किसानों को विभागीय निर्देशानुसार निर्धारित समय सीमा के अधीन अधिप्राप्ति के आलोक में भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

इस दौरान उन्होंने धान अधिप्राप्ति हेतु विभाग द्वारा निर्धारित सांकेतिक लक्ष्य 12900 एमटी को 31 दिसंबर, 2022 तक हासिल करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया ताकि 31 जनवरी, 2023 तक उसके समतुल्य चावल प्राप्त करने का लक्ष्य संभव हो सके। इसी क्रम में उन्होंने यह भी कहा कि यदि निर्धारित अवधि में धान अधिप्राप्ति की उपलब्धि बेहतर रही तो विभाग से वर्तमान लक्ष्य में वृद्धि हेतु अनुरोध किया जा सकता है इसलिए सभी पैक्स अध्यक्ष अगले दस दिनों में धान अधिप्राप्ति में प्रगति लाना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने सभी पैक्स अध्यक्षों को अगले एक सप्ताह के अंदर मिलर के साथ समझौता संबंधी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया ताकि सीएमआर एवं सीसी के संबंध में अग्रेतर कार्रवाई की जी सके। इसी क्रम में पैक्स अध्यक्षों द्वारा मिलर के साथ बेहतर समन्वय नहीं होने अथवा समझौता उल्लंघन के कारण उत्पन्न होने वाली चिन्हित समस्याओं के निराकरण हेतु उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समिति का गठन किया जाएगा तथा समिति द्वारा लिए गए निर्णय सभी संबंधित पक्षों के लिए मान्य होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि समिति द्वारा लिए गए निर्णयों का किसी पक्ष द्वारा उल्लंघन किया जाता है, तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इससे पूर्व जिला पदाधिकारी ने पैक्स अध्यक्षों से धान अधिप्राप्ति के अद्यतन स्थिति के संबंध में फीडबैक प्राप्त करने के साथ ही जिला प्रशासन से उनकी अपेक्षाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिले में धान अधिप्राप्ति हेतु वर्तमान में निर्धारित 12900 एम.टी. के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक कुल 70 किसानों से कुल 313.25 एम. टी. धान की अधिप्राप्ति की गई जिसमें से कुल 188.47 एम.टी. धान अधिप्राप्ति के आलोक में पेमेंट एडवाइस जेनरेट किया गया है।

जिला अंतर्गत धान अधिप्राप्ति हेतु अब तक कुल 4626 इच्छुक किसानों ने ऑनलाईन निबंधन कराया है जिसमें 1776 रैयत एवं 2850 गैर-रैयत किसान शामिल हैं। जिले में खरीफ विपणन मौसम 2022-23 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति हेतु कुल 104 पैक्स एवं 02 व्यापार मंडल का चयन किया गया है तथा वर्तमान में क्रियाशील समितियों की कुल संख्या 20 है। ज्ञात हो कि जिले में धान अधिप्राप्ति कार्यक्रम 15 नवंबर, 2022 से 15 फरवरी, 2023 तक प्रभावी है तथा इस दौरान कृषि विभाग पर निबंधित किसानों के माध्यम से धान अधिप्राप्ति की जाएगी। निबंधन हेतु किसान कृषि विभाग के पोर्टल www.dbtagriculture.bihar.gov.in का प्रयोग कर सकते हैं तथा निबंधन के पश्चात किसान जिले के किसी भी चयनित केंद्र के माध्यम से अपने धान की बिक्री कर सकते हैं।

धान अधिप्राप्ति की सीमा रैयत के लिए 250 क्विंटल तथा गैर-रैयत के लिए 100 क्विंटल निर्धारित की गई है जबकि साधारण धान हेतु 2040 रुपये प्रति क्विंटल एवं ग्रेड-A धान हेतु 2060 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित है। किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाईन निबंधन एवं अधिप्राप्ति में कठिनाई होने पर प्रखंड में पदस्थापित सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय/जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय से संपर्क कर अदिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ-साथ धान अधिप्राप्ति संबंधित जानकारी / सुझाव / कठिनाइयों के निराकरण हेतु टॉल फ्री (सुगम) नंबर 18001800110 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
TAGGED:
Share This Article