मतदाता जागरूकता अभियान के बावजूद वोटरों में नहीं दिख रहा उत्साह

 

डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय जिले में आगामी 13 मई को होने वाले बेगूसराय लोक सभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रशासनिक स्तर पर खोदावंदपुर प्रखंड में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मतदान कार्य में मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न तरीकों से कवायद की जा रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा जागरूकता रैली निकाली  जा रही है। वहीं बूथ लेवल पदाधिकारी के द्वारा घर घर जाकर मतदाताओं के बीच मतदान पर्ची बांटी जा रही है।

Midlle News Content

खासकर दलित,पिछड़ा,अल्पसंख्यक मुहल्लों में वोटरों को मतदान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अत्यंत बृद्ध एवं दिव्यांग वोटरों को मतदान के लिए दी जाने वाली सुविधाओं से उन्हें अवगत कराया जा रहा है। लोकतंत्र के इस महापर्व में वोटरों को मताधिकार के उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। मतदान की तिथि ज्यों ज्यों नजदीक आती जा रही है,सरकारी कर्मियों द्वारा इस अभियान को गति दिया जा रहा है। इसके अलावे एनडीए से जुड़े कार्यकर्ता एवं महागठबन्धन के कार्यकर्ता भी टोली बनाकर टोलों मुहल्लों में वोटरों को अपने अपने पक्ष में गोलबंद करने का अभियान शुरू कर दिया गया है।

वहीं दूसरी ओर मतदाताओं के बीच लोकसभा चुनाव को लेकर कोई उत्साह नहीं है। मतदाता चुप्पी साध रहे हैं। हां यह बात अलग है कि मतदाता एक दूसरे का मिजाज पूछने में पीछे नहीं हैं। मतदाताओं का कहना है कि कोई जीते ,कोई हारे इससे आम जनता को क्या फर्क पड़ता है। जीतकर संसद जाने वाले नेता चुनाव समाप्ति के बाद जनता की सुधि नहीं लेते। बेरोजगारी की समस्या का निदान नहीं किया जाता। किसान मजदूरों की खस्ता हालत पर ध्यान नहीं दिया जाता।

वहीं पहली बार मतदान में भागीदारी का हिस्सा बनने वाले युवा मतदाताओं में चुनाव को लेकर उत्साह जरूर है। ऐसे युवा वोटरों का कहना है कि मतदान में भागीदारी निभाये बिना अच्छी सरकार बनाना मुश्किल है। इसलिए सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग जरूर करना चाहिए। संविधान में प्रत्येक वयस्क नागरिक को चुनाव में अपना एक मत देने का अधिकार दिया गया है तो इस अधिकार का उपयोग संविधान की रक्षा के लिए जरूरी है।

बेगूसराय खोदावंदपुर संवाददाता नितेश कुमार की रिपोर्ट

- Sponsored -

- Sponsored -