गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निबटने के लिए डीएम बेगूसराय ने 18 चापाकल मरम्मती दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

बेगूसराय जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने गर्मी के मौसम में आमलोगों के लिए पेयजल संकट से निबटने को लिया फैसला।

बेगूसराय जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने गर्मी के मौसम में आमलोगों के लिए पेयजल संकट से निबटने को लिया फैसला।

डीएनबी भारत डेस्क 

बेगूसराय जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निबटने के उद्देश्य लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, बेगूसराय द्वारा संचालित 18 चापाकल मरम्मती दलों को आज समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिला पदाधिकारी श्री कुशवाहा ने कहा कि विगत वर्षों की भांति ही इस साल भी गर्मी मौसम के दौरान जिले में पेयजल संकट से निबटने के उद्येश्य से चिन्हित मरम्मती योग्य सरकारी चापाकलों की मरम्मती हेतु जिला के सभी 18 प्रखंडों के लिए 01-01 यथा कुल 18 चापाकल मरम्मती दलों को संबंधित प्रखंडों के लिए रवाना किया गया है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, बेगूसराय द्वारा बताया गया है कि जिले में कुल 20,776 सरकारी चापाकल अधिष्ठापित हैं। अब तक के सर्वेक्षण के अनुसार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, बेगूसराय अंतर्गत कुल 262 चापाकल तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, तेघड़ा अंतर्गत कुल 265 चापाकल यथा कुल 527 चापाकलों को एक माह के अंदर मरम्मति कर सुचारू रूप से कार्यरत रखने का लक्ष्य रखा गया है।

Midlle News Content

मरम्मति दल में 01 मिस्त्री तथा 02 हेल्पर आवश्यक संसाधनों के साथ प्रत्येक प्रखंडों के प्रत्येक पंचायतों में 02 दिनों तक भ्रमणशील रहकर मरम्मति का कार्य करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी चापाकल मरम्मती के अभाव में संचालित नहीं हैं, तो उसकी तत्काल सूचना लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, बेगूसराय द्वारा संचालित जिला नियंत्रण कक्ष की दूरभाष संख्या 0624-358334 अथवा टोल फ्री नं. 18001231121 पर दें ताकि संबंधित चापाकल मरम्मती दल द्वारा ससमय आवश्यक हस्तक्षेप संभव हो सके।

कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, बेगूसराय ने बताया कि चापाकलों की मरम्मती हेतु बंद अकार्यरत चापकलों की विवरणी कनीय अभियंता माननीय जनप्रितिनिधियों, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखियागण आदि से संपर्क कर प्राप्त करेंगे। मरम्मती कार्य हेतु अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति बसावटों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अकार्यरत चापाकलों की मरम्मती हेतु प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि मरम्मती दल रोस्टर के अनुसार एक पंचायत में सभी बंद चापाकलों की मरम्मती करते हुए सोशल सर्टिफिकेशन के साथ फोटोग्राफ को विभागीय चापाकल मरमम्ती पोर्टल पर अपलोड संबंधित सहायक अभियंता के द्वारा किया जाएगा। मरम्मती दल के सुपरवाइजर का दायित्व होगा कि संबंधित पंचायत के प्रतिनिधि से संपर्क कर सभी अकार्यरत चापाकलों को मरम्मती करते हुए प्रतिवेदन प्रत्येक दिन नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएंगे। बिना मरम्मती योग्य चापालक, जिसकी मरम्मती नहीं हो सकती है को विभागीय निर्देशानुसार उखाड़ते हुए सामाग्री एवं सूची कार्यालय को साप्ताहिक रूप से उपलब्ध कराएंगे।

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण अंचल, बेगूसराय मनोज कुमार, कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, बेगूसराय प्रभात कुमार, कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, तेघड़ा आलोक कुमार, सहायक अभियंता, बेगूसराय प्रभाष गौतम, सहायक अभियंता, तेघड़ा अभिशांत राज, सहायक अभियंता, बलिया सुभाष कुमार रंजन आदि मौजूद थे।

- Sponsored -

- Sponsored -