स्थानीय प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग के पदाधिकारी मरम्मती कार्य का कर रहे हैं देखरेख
कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने प्रशासन के लापरवाही पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा प्रखंड के गंगा नदी में लगातार हो रही जलस्तर में वृद्धि के कारण बाया नदी पर बना जमींदारी बांध करीब 30 मीटर की दूरी में तेज बहाव के कारण तटबंध टूटकर बह गया। रविवार की देर रात को करीब 7 किलोमीटर लंबे गोधना पंचायत से दादूपुर पंचायत तक बनी इस बांध का बेगमसराय और झमटिया गांव के बीच का हिस्सा अचानक क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार बांध के दूसरे तरफ गहरा गड्ढा में पानी रहने के कारण किनारे लगे एक ताड़ के पेड़ के नीचे का हिस्सा गिला होने से देर रात पेड़ अचानक गिर गया।पेड़ की जड़ों के उखड़ने से बांध की मिट्टी ढह गई और पानी का तेज रिसाव शुरू हो गया, जिसने देखते ही देखते करीब 30 मीटर बांध को अपनी चपेट में ले लिया। बांध टूटने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई । जिससे आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे। इस घटना से रानी-3 पंचायत के रानी गांव पर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
जिससे निचले इलाकों के कई घरों में पानी प्रवेश कर चुका है, वहीं सैकड़ों एकड़ में लगी परवल,ओल और मक्के की फसलें जलमग्न हो गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआत में ग्रामीणों ने पेड़-पौधे काटकर पानी का बहाव रोकने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन बहाव की तीव्रता के आगे सभी कोशिश बेअसर साबित हुए। इसके बाद विभाग द्वारा नावों और ट्रैक्टरों के जरिए मिट्टी की बोरियां डालकर युद्धस्तर पर बांध की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। इस रिसाव के कारण गुप्ता लखमीनिया बांध पर भी पानी का दबाव काफी बढ़ गया है, जिसे देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जमींदारी बांध की शीघ्र मरम्मत करने की मांग की है ताकि मुख्य बांध पर बढ़ते खतरे को टाला जा सके।
बांध टूटने की सूचना पर जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने घटना स्थल का जायजा लिया। जायजा के दौरान उन्होंने बताया कि बछवाड़ा प्रखंड अन्तर्गत रानी एक और दो पंचायत के समीप गंगा नदी पर बने तटबंध क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। जिसके बाद जल संसाधन व स्थानीय पदाधिकारी के द्वारा चीफ इंजीनियर के निगरानी में तटबंध मरम्मती का कार्य किया जा रहा है। जल्द से जल्द बांध की मरम्मती का कार्य सम्पन्न किया जाएगा। साथ ही स्थानीय पदाधिकारी के द्वारा बांध का निरीक्षण किया जाएगा, जिससे भविष्य में इस प्रकार की समस्या उत्पन्न ना हो, साथ ही जान माल की क्षति से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके। निरीक्षण के दौरान एसडीओ नीरज सिन्हा डीएसपी कृष्ण कुमार अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार थानाध्यक्ष विकास कुमार राय समेत विभिन्न कर्मी मौजूद रहे।
बांध टूटे जाने पर बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष एवं बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि तटबंध टूटने से गांवों में पानी प्रवेश कर रहा है तथा किसानों की खड़ी फसल बर्बाद होने के कगार पर है। यह केवल प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि तटबंधों के समय पर निरीक्षण, रखरखाव एवं सुदृढ़ीकरण में हुई जल संसाधन विभाग के लापरवाही का गंभीर परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि गंगा-बाया नदी के तटबंध का समय पर देखभाल, मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराया गया होता, तो आज बछवाड़ा के ग्रामीणों और किसानों को इस भयावह स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट