मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए राज्यभर में 102 एम्बुलेंस संचालन और कंट्रोल सेंटर की बढ़ाई गई निगरानी- डा हिमांशु
जून 2026 के दौरान बेगूसराय जिले में कुल 4,173 मरीजों को 102 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से समय पर स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई गई।

डीएनबी भारत डेस्क
बिहार में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर, दस्त, टायफाइड और अन्य मौसमी बीमारियों के मामलों में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए डॉयल 102 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा को बेगूसराय में विशेष अलर्ट मोड पर संचालित किया जा रहा है।
राज्य सरकार के सहयोग से ज़ेनप्लस सर्विसेज द्वारा संचालित यह सेवा पूरे राज्य में 24 घंटे आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी जिलों में एम्बुलेंस संचालन, कंट्रोल रूम और फील्ड टीमों की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को बिना विलंब अस्पताल पहुंचाया जा सके। वहीं इस सन्दर्भ में जानकारी देते हुए पटना स्थित 102 एम्बुलेंस कंट्रोल सेंटर में कार्यरत डा हिमांशु कुमार ने बताया कि बरसात के दौरान डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार, टायफाइड, दस्त, फूड पॉइजनिंग और त्वचा संबंधी संक्रमण के मामलों में वृद्धि होना सामान्य है।
जलजमाव, दूषित पेयजल और बढ़ी हुई नमी संक्रमण फैलने के प्रमुख कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों तथा पहले से बीमार लोगों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और किसी भी गंभीर लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। वहीं राज्य सरकार के सहयोग से ज़ेनप्लस सर्विसेज द्वारा संचालित 102 एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह निःशुल्क है। जून 2026 के दौरान बेगूसराय जिले में कुल 4,173 मरीजों को 102 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से समय पर स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई गई।
इनमें 2,647 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 104 नवजात एवं गंभीर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त 223 सड़क दुर्घटना पीड़ितों तथा 1199 अन्य मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया गया। ज़ेनप्लस, बिहार के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून के दौरान बढ़ने वाली स्वास्थ्य आपात स्थितियों को देखते हुए सभी जिलों में एम्बुलेंस संचालन व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है और प्रत्येक आपातकालीन कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए एम्बुलेंस टीमों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी जरूरतमंद मरीज को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि तेज बुखार, लगातार उल्टी, दस्त, शरीर में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो स्वयं उपचार करने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। आवश्यकता पड़ने पर 102 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का लाभ उठाकर समय पर अस्पताल पहुंचें, क्योंकि समय पर उपचार ही गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
आगे उन्होंने बताया कि बेगूसराय जिले में संचालित 102 एम्बुलेंस का ऑपरेशन मैनेजर मुंगेर जोन रोहिनी कांत, कलस्टर लीडर बेगूसराय कृष्ण मुरारी एवं शुभकल्याण भारद्वाज द्वारा लगातार निरीक्षण कर सतत् निगरानी किया जा रहा है। वहीं मुख्यालय एवं स्थानीय स्तर पर ईएमटी, चालक तथा हेलफर को लगातार निर्देशित किया जाता है।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट