भारत न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और आखिरी T 20 मैच आज

DNB Bharat

सिरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम, हार्दिक की अगुवाई में जोश से लाबरेज है टीम इंडिया।

डीएनबी भारत डेस्क 

आज भारत और न्यूजीलैंड सीरीज का तीसरा टी 20 मैच खेला जायेगा। सीरीज का पहला टी 20 मैच वेलिंग्टन में बारिश के कारण रद्द हो गया था। वहीं भारत ने माउंट माउनगनुई में खेले गए दूसरे टी 20 मैच में 65 रनों से जीत हासिल की थी। इस तरह भारत ने सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।

- Sponsored Ads-

न्यूजीलैंड की बात करें तो वह नेपियर में वापसी कर सीरीज को बराबरी पर खत्म करना चाहेगी। वह इस मैदान पर भारत के खिलाफ पहली बार टी20 मैच खेलेगा। टीम इंडिया को क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में यहां खेलने का अनुभव नहीं है। इसका फायदा कीवी टीम उठा सकती है। न्यूजीलैंड को यहां चार टी20 मैच खेलने का अनुभव है। उसने 2017 में यहां बांग्लादेश को हराया था। उसके बाद 2019 में इंग्लैंड और 2020 में पाकिस्तान के खिलाफ उसे हार मिली थी। 2021 में कीवी टीम ने नेपियर में बांग्लादेश को हराया था।

भारत की बात करें तो टी20 विश्व कप में ओपनर्स के खराब प्रदर्शन करने के बाद टीम के रवैये पर सवाल उठने लगे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मैच के दौरान भी वही स्थिति देखने को मिली। अगर सूर्यकुमार यादव ने शतक नहीं लगाया होता तो टीम 160 रन को भी मुश्किल से छू पाती। ईशान किशन ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उनका स्ट्राइक रेट भी कुछ खास नहीं रहा। ऋषभ पंत 13 गेंद पर छह रन बनाकर आउट हुए।

श्रेयस अय्यर और हार्दिक पांड्या ने मध्यक्रम में निराश किया। अब सवाल उठता है कि क्या टीम इंडिया तीसरे टी20 में बदलाव के साथ उतरेगी? तेज गेंदबाज उमरान मलिक और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में लाने की मांग हो रही है। अब देखना है कि उन्हें मौका मिलता है या नहीं। संजू सैमसन ओपनिंग में एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं। वह आईपीएल में कई मैचों में इस क्रम पर खेल चुके हैं।

वहीं उमरान मलिक को आयरलैंड के दौरे पर खेलने का मौका था। उसके बाद से वह अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कप्तान हार्दिक पांड्या की मैच के बाद की गई टिप्पणी पर गौर करें तो उन्होंने कहा था कि प्रबंधन के द्वारा तीसरे टी20 मैच के लिए काफी बदलाव किये जाने की संभावना नहीं है। सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में शुभमन गिल भी पारी की शुरुआत करने के दावेदार हैं। हालांकि यह माना जा रहा है कि उन्हें वनडे फॉर्मेट में मौका मिलेगा।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

न्यूजीलैंड: फिन एलेन, डेवोन कॉनवे, ग्लेन फिलिप्स, डेरेल मिचेल, मार्क चैपमैन/माइकल ब्रेसवेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, टिम साउदी (कप्तान), एडम मिल्ने, ईश सोढ़ी, लोकी फर्ग्यूसन।

भारत: ऋषभ पंत/संजू सैमसन, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, दीपक हुड्डा, वॉशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह/उमरान मलिक, मोहम्मद सिराज।

 संवाददाता सुजीत कुमार की रिपोर्ट 

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article