गोलियों की तरतराहट से थर्राया मुंगेर का तारापुर, कई लोगों के घायल होने की सूचना

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क

रविवार की शाम मुंगेर का तारापुर दियारा गोलियों की तरतराहट से गूंज उठा। बताया जाता है कि तारापुर दियारा में जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच सौ राउंड से अधिक गोलियां चली जिसमें कई लोग घायल हो गए। हालांकि पुलिस को किसी घायल व्यक्ति की सूचना नहीं है लेकिन घटनास्थल से पुलिस को खोखा जरूर मिला है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष से घायल लोग छुपकर अपना इलाज बेगूसराय के विभिन्न अस्पतालों में करवा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय आलोक रंजन, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा दल बल के साथ गंगा पार कर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से आधा दर्जन से ज्यादा खोखा बरामद किया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष के लोग भाग निकले थे।

- Sponsored Ads-

घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मिर्जापुर और बरदह गांव के दबंगों के बीच काफी लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा है। रविवार की शाम भी खेत बुआई को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनो पक्षों के बीच करीब 100 राउंड से भी अधिक गोलियां चली है और दोनो पक्षों से कई लोग घायल भी हुए हैं। गोलीबारी के दौरान खेतों में काम कर रहे मजदूरों में अफरा तफरी का माहौल हो गया था।

वहीं मामले में मुंगेर के डीएसपी मुख्यालय आलोक रंजन ने कहा कि गोलीबारी की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची लेकिन तब तक सभी लोग वहां से फरार हो गए। मौके से पुलिस ने खोखा बरामद किया है लेकिन अभी तक किसी पक्ष के द्वारा लिखित शिकायत नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article