बीहट की धरती खेल, संस्कृति एवं साहित्य के क्षेत्र में कई प्रतिभाओं को जन्म दिया है – राकेश सिन्हा

डीएनबी भारत डेस्क 

बीहट की उर्वरा धरती खेल, संस्कृति एवं साहित्य के क्षेत्र में कई प्रतिभाओं को जन्म दिया है। इस तरह के आयोजन से जिलेभर के युवाओं में कुश्ती के प्रति रुचि बढ़ती है। बेगूसराय के खिलाड़ी कुश्ती के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर तक मेडल प्राप्त कर कृतिमान स्थापित कर चुके हैं। जिले में कुश्ती के खिलाड़ियों के लिए अपर्याप्त सुविधाओं के कारण अनेकों खिलाड़ियों को मौका नहीं मिल पाता है। भारत सरकार से इस क्षेत्र में पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। उक्त बातें नवभारत स्पोर्ट्स एंड कल्चरल सोसाईटी बीहट, बेगूसराय के तत्वाधान में आयोजित स्मृतिशेष कैलाश सिंह स्मृति राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के तीसरे दिन ग्रीको रोमन, फ्रीस्टाइल, महिला-पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के कई मैच को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सह राज्यसभा सांसद प्रो राकेश सिन्हा ने व्यक्त किया।

Midlle News Content

बिहार राज्य कुश्ती संघ के महासचिव विनय कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन के लिए स्थानीय लोगों ने खुले दिल से उम्दा प्रयास किया। इस महादंगल से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन कर राष्ट्रीय मैच के लिए भेजा जाएगा। वहीं ग्रीको रोमन अंडर 15 मैच 75 किलोग्राम वर्ग में रोशन कुमार जहानाबाद को गोल्ड,मयंक कुमार कैमूर को सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ। वहीं दूसरे मैच 62 किलोग्राम वर्ग में आदर्श कुमार पटना को गोल्ड और राजा कुमार बेगूसराय को सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ।

साथ ही फ्रीस्टाइल में 38 किलोग्राम वर्ग कुश्ती में रूपेश कुमार कटिहार को गोल्ड, आयुष कुमार जहानाबाद को सिल्वर एवं संजीत सदा सहरसा को ब्रोंज मेडल प्राप्त हुआ। 41 किलोग्राम वर्ग में सत्यम भारती पूर्णिया को गोल्ड, विकेश कुमार सहरसा को सिल्वर एवं ऋतुराज बेगूसराय को ब्रोंज मेडल प्राप्त हुआ। वहीं जिला खेल महासंघ के अध्यक्ष सह आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अहम स्थान रखता है। शिक्षा से बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास होता है, जबकि खेल से व्यक्ति के शारीरिक विकास के साथ-साथ शक्ति, प्रेरणा और नई चेतना का विकास होता है। खेलों से उदारता, भाईचारा, सहिष्णुता, अनुशासन के साथ-साथ सद्भावना पैदा होती है।

मौके पर मौजूद कार्यक्रम संयोजक सह पूर्व मुख्य पार्षद अशोक कुमार सिंह ने कहा कि टेक्निकल तरीके से हो रहे इस कुश्ती मैच से स्थानीय युवाओं को कुश्ती के नए दांवपेच सीखने का अवसर मिलेगा। स्थानीय स्तर पर कुश्ती विलुप्त होने के कगार पर है,इस आयोजन ने कुश्ती में नई जान फूंक दी है। इस आयोजन में जयमंगला कंस्ट्रक्शन के मनोज सिंह ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष यशस्वी आनंद, गौरव कुमार, राम कल्याण सिंह, सिंटू सिंह, रोहित कुमार चितरंजन, रामानंद सिंह एवं आनंदी पहलवान सहित हजारों दर्शक उपस्थित रहें।

- Sponsored -

- Sponsored -