बेगूसराय में महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने ससुराल वाले पर लगाया हत्या का आरोप…

डीएनबी भारत डेस्क 

बेगूसराय में एक बार फिर संदेहास्पद स्थिति में एक महिला की मौत के बाद एक तरफ जहां पूरे इलाके में सनसनी फैल गई वहीं महिला के परिजनों ने पति पर महिला की फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है  घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी- 3 पंचायत की है। मृतका की पहचान रितेश मालाकार उर्फ दुखन मालाकार की पत्नी ममता देवी के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि पिछले 1 वर्ष से ममता कुमारी के पति उसे मायके भी नहीं जाने दे रहे थे तथा उसे तरह-तरह से प्रताड़ित कर रहे थे।

दुखन मालाकार के द्वारा महिला के मायके वालों से कई बार रुपए भी लिए गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है की पूर्णिमा के दिन दुखन मालाकार ने दूसरी शादी कर ली एवं अपनी दूसरी पत्नी को लेकर घर आ गए। बीती रात दुखन मालाकार के द्वारा ममता देवी के मायके वालों को ममता देवी के मौत की सूचना दी गई लेकिन जब ममता देवी के मायके वाले ममता देवी के ससुराल पहुंचे तो वहां उन्होंने देखा की ममता देवी के गले में फंदे का दाग लगा हुआ है तथा शरीर पर भी चोट के निशान है।

परिजनों ने महिला के पति एवं सौतन पर हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल महिला के पति अपने परिवार सहित मौके से फरार हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

बेगूसराय से सुमित कुमार (बबलू)