बेटी पुष्पम प्रिया चौधरी ने पवित्र सिमरिया गंगाघाट पर किया पूरे विधि-विधान से पिता पूर्व विधान पार्षद विनोद चौधरी का अस्थि विर्सजन

16 जुलाई को पूर्व विधान पार्षद विनोद चौधरी का दरभंगा उनके आवास पर निधन हो गया था।

16 जुलाई को पूर्व विधान पार्षद विनोद चौधरी का दरभंगा उनके आवास पर निधन हो गया।

डीएनबी भारत डेस्क 

रविवार को डॉ प्रो विनोद कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद की अस्थियों को उनके परिवार द्वारा सिमरिया में गंगा घाट पर प्रवाहित किया गया। विदित हो कि डॉ चौधरी का निधन विगत 16 जुलाई 23 को अचानक दरभंगा में उनके निवास-स्थान पर हो गया था। डॉ चौधरी मिथिला क्षेत्र में विगत 50 वर्षों से छात्र-राजनीति से लेकर प्रदेश-राजनीति तक सक्रिय रहे। पहले कांग्रेस और बाद में जनता दल (यूनाइटेड) के नेता रहे।

डॉ चौधरी 2008 से 2014 तक दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे। मूलतः शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े रहकर वे डीन, सामाजिक संकाय सह विभागाध्यक्ष, समाजशास्त्र विभाग, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पद से 2020 में सेवानिवृत्त हुए। वे विश्वविद्यालय सिंडिकेट में सरकार नामित सदस्य भी थे। आज डॉ चौधरी का मिथिला की परंपरा के अनुसार अस्थि-विसर्जन सिमरिया में किया गया।

यह कार्य संपूर्ण परिवार की उपस्थिति में उनको मुखाग्नि देने वाली उनकी पुत्री पुष्पम प्रिया चौधरी ने संपन्न किया। ज्ञात हो कि सुश्री चौधरी नवनिर्मित राजनीतिक दल द प्लुरल्स पार्टी की अध्यक्ष हैं और बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं।
इस अवसर पर डॉ विनोद चौधरी के लिए गंगा तट पर ही श्रद्धांजलि सभा भी रखी गई। जिसमें ज़ोरदार बारिश के बीच भी जनता दल (यूनाइटेड) और द प्लुरल्स पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता व उनके चाहने वाले सैंकड़ों स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

उपस्थित गणमान्य लोगों में दरभंगा स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद सर्वेश कुमार, समाजसेवी रामबरन सिंह, समाजसेवी व जदयू कार्यकर्ता विजय कुमार, प्लुरल्स पार्टी के महासचिव व पूर्व आईएएस पदाधिकारी अनुपम सुमन, प्लुरल्स के मुंगेर प्रमंडल प्रभारी मोहम्मद शाहबाज़ हुसैन, बेगुसराय ज़िला अध्यक्ष बिन्दु कुमारी तथा ज़िला सचिव विवेक शांडिल्य, दरभंगा संगठन मंत्री विक्रम कुमार, ज़िला अध्यक्ष विनीत कुमार, ज़िला सचिव रतन चौधरी, कृष्णा चौधरी आदि प्रमुख थे।

बेगूसराय बीहट संवाददाता धर्मवीर कुमार 

Begusarai