समस्तीपुर जिलाध्यक्ष अश्वमेध देवी महिला आयोग की बनाई गई अध्यक्ष

अश्वमेध देवी समस्तीपुर उजियारपुर से सांसद रही हैं और वर्तमान में जदयू समस्तीपुर जिलाध्यक्ष हैं।

अश्वमेध देवी समस्तीपुर उजियारपुर से सांसद रही हैं और वर्तमान में जदयू समस्तीपुर जिलाध्यक्ष हैं।

डीएनबी भारत डेस्क 

समस्तीपुर के उजियारपुर से सांसद रही और वर्तमान में जेडीयू की जिलाध्यक्ष अश्वमेध देवी को सरकार ने बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मनोनीत किया है। बताते चलें कि अश्वमेध देवी समस्तीपुर के ही कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रह चुकी हैं। राज्य सरकार ने बिहार राज्य महिला आयोग का पुनर्गठन करते हुए उजियारपुर की पूर्व सांसद अश्वमेध देवी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है।

इस संबंध में सरकार ने पत्र जारी किया है। समाज कल्याण विभाग की उप सचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य महिला आयोग में अध्यक्ष के अलावा अलग अलग कोटे से सात अन्य महिलाओं को भी सदस्य बनाया गया है। आयोग की अध्यक्ष और सदस्यों के मनोनयन की अधिकतम अवधि तीन वर्ष या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक होगी।

अध्यक्ष के साथ प्रभावती मांझी, डॉ सुजाता सुम्ब्रई, रबिया खातुन, सुनीता कुशवाहा, श्वेता विश्वास, सुलोचना देवी और गीता यादव को आयोग का सदस्य बनाया गया है। अश्वमेध देवी समेत जेडीयू के कार्यकर्ताओं ने उनके अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया है।

अश्वमेघ देवी ने बताया कि पूरे राज्य की महिलाओं के उत्थान और उनके हितों की रक्षा के लिए वे हर जिले का दौरा करेगी।खासकर गरीब और कमजोर तबके से आने वाली महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए उनकी टीम हमेशा प्रयासरत रहेगी।गौरतलब है कि अश्वमेध देवी वर्ष 2009 में 15वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में उजियारपुर लोकसभा से चुनी गईं।

उजियारपुर लाेकसभा क्षेत्र बनने के बाद पहली बार वह सांसद बनीं। इसके पहले वह वर्ष 2000 में कल्याणपुर से पहली बिहार विधानसभा के लिए चुनी गई और 2009 तक विधायक रही। अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के पहले नीतीश सरकार द्वारा महिला आयोग के पुनर्गठन को खास रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। महिला आयोग को भंग हुए ढाई साल से ज्यादा हो चुका है। ऐसे में लम्बे समय से इसके पुनर्गठन की मांग उठ रही थी।

समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम

Begusarai