पूर्व प्रमुख व रालोसपा नेता उपेंद्र प्रसाद सिंह का निधन, कार्यकर्ताओं में शोक 

 

डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर प्रखंड के पूर्व प्रमुख एवं सुप्रसिद्ध कांग्रेस नेता स्वर्गीय राधारमण महतो के पुत्र उपेंद्र प्रसाद सिंह का उनके पैतृक गाँव मालपुर में शनिवार की सुबह निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे। उपेंद्र प्रसाद सिंह बेगूसराय ज़िले के एक सक्रिय राजनेता थे। वे मालपुर और बाद में वृहत्तर पंचायत के रूप में गठित फफौत पंचायत के मुखिया रहे. यह पद उन्हें विरासत में पंचायत के आजीवन मुखिया रहे उनके पिता राधा रमण महतो से मिली थी जिसका उन्होंने बखूबी निर्वाह किया।

पंसस से होते हुए प्रमुख के पद तक पहु़ँचे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने फफौत पैक्स के अध्यक्ष खोदावंदपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष, बखरी बाज़ार समिति के चेयरमैन के पदों को भी विभिन्न अवधियों में सुशोभित किया । एक समय वे प्रखंड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भी रहे थे। उनके बढ़ते राजनीतिक कद से प्रभावित होकर ही उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने उन्हें एक बार चेरियाबरियारपुर विधानसभा से उम्मीदवार भी बनाया था । मुलायम सिंह यादव ख़ुद उनके चुनाव प्रचार शामिल होकर क्षेत्र के विभिन्न इलाक़ों में सभा की थी।

फिर भी, राजनीतिक संस्कार से वे कांग्रेसी ही बने रहे। उपेंद्र प्रसाद सिंह काफी मिलनसार और लोकप्रिय थे। उनके आकस्मिक निधन से ज़िले के भुसारी इलाक़े की राजनीति में एक शून्य पैदा हो गया । निधन की सूचना पाकर बड़ी संख्या में लोग महिला व पुरूष, सामाजिक-राजनीतिक एक्टिविस्ट , मुखिया, सरपंच, पंसस , ज़िला पार्षद आदि उनके अंतिम दर्शन को पहुँचने लगे। चेरियाबरियारपुर विधायक राजवंशी महतो उनके बहनोई हैं। पूर्व सांसद राम जीवन सिंह, भोला सिंह और शत्रुघ्न प्रसाद सिंह के वे काफी निकट माने जाते थे।

मार्क्सवादी चिंतक डॉ. भगवान प्रसाद सिन्हा उनके शव पर मल्यार्पण करते हुए भावुक हो कर बोले कि छात्रजीवन से हम अपनापन की डोर में बंधे थे। उन्होंने हमेशा एक सूझबूझ वाले जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी क़ाबिलियत को साबित किया थी। शव पर माल्यार्पण करनेवालों में विधायक राजवंशी महतो,सीपीआई नेता जागेश्वर राय, मुखिया उषा देवी,सरपंच दिलदार हुसैन,पंचायत के पूर्वमुखिया भोला राय व अनिल कुमार,ऑटो चालक संघ के महासचिव मदन कुमार सिंह मटिहानी,

ख़ुदाबंदपुर के अवकाशप्राप्त बड़ा बाबू सूर्य नारायण महतो, ईंट निर्माण संघ के रामध्यान महतो,सोशल एक्टिविस्ट नवीन कुमार छोटू चकजद्दू, एग फार्मर एसोसिएशन के जयदेव सिंटू मटिहानी, पंसस डॉक्टर चंदन कुमार पासवान, वार्ड सदस्य चंदू पासवान आदि बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।

बेगूसराय खोदावंदपुर संवाददाता नितेश कुमार की रिपोर्ट