खोदावंदपुर में किसान चौपाल में दी गई किसानों को कई अहम जानकारी

 

डीएनबी भारत डेस्क 

बेगूसराय के खोदावंदपुर प्रखंड के बरियारपुर पूर्वी एवं बरियारपुर पश्चिमी पंचायतों में शनिवार को कृषक चौपाल का आयोजन किया गया। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण आत्मा के सौजन्य से पंचायत सरकार भवन बरियारपुर पूर्वी में आयोजित खरीफ किसान चौपाल 2024 कार्यक्रम में किसानों को खेती के नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी गई एवं सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक पूर्णेन्दु कुमार ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आत्मा योजना, उद्यान योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, अनुदानित बोरिंग, सोलर पंप सेट के अलावे अनुदानित बीजों के बारे में बताया। उन्होंने नई किस्म के मक्का की खेती को अत्यंत लाभकारी बताते हुए इसकी खेती करने की सलाह किसानों को दी। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक ने किसानों को स्वीट कॉर्न की खेती के फायदे भी बताए।

उन्होंने अनुदानित 260 फीट गहरा बोरिंग लगाने पर एक किसान को 40% व एक साथ दो किसान मिल कर लगाने पर 80% लागत सरकार द्वारा अनुदान में देने की जानकारी किसानों को दिया। इसके साथ साथ तीन लाख की लागत से लगने वाले सोलर पंप सेट में 50 हजार रुपया तक अनुदान देने की बात भी बतायी। उन्होंने किसानों को इन योजनाओं से अनुदान प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी।

प्रखण्ड तकनीकी पदाधिकारी पूर्णेन्दु कुमार ने इस मौके पर किसानों को अपने घर के आस पास के खाली जमीनों पर फलदार वृक्ष लगाने की सलाह दी। उन्होंने जैविक खेती और मौसम अनुकूल खेती करने की सलाह भी किसानों को दिया। कार्यक्रम में किसानों को मिलेट्स की खेती करने के लिए जागरूक किया गया। इस मौके पर पंचायत के किसान सलाहकार ने भी किसानों को खरीफ फसल लगाने की नई तकनीक की जानकारी किसानों को दी।इस मौके पर बरियारपुर पूर्वी एवं बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के विभिन्न गांवों के अनेक किसान मौजूद थे। कार्यक्रम में किसानों ने अपनी समस्या से भी कृषि विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया।

BegusaraiBegusarai newsbiharBihar newsDNBDNB Bharat