लुधियाना, पानीपत तिरुपति की तरह बेगूसराय इंडस्ट्रीज हब बने – गिरिराज सिंह

 

बेगूसराय में टेक्सटाइल पार्क बनें,उस दिशा में काम किया जाएगा – तुषार सिंगला

राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान पटना द्वारा बेगूसराय विस्तार केन्द्र का हुआ शुभारंभ

डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय-राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान पटना के अंगीभूत ईकाई बेगूसराय विस्तार केन्द्र का उद्घाटन बेगूसराय के देवना एन एच 31 फोरलेन सड़क किनारे मंगलवार को भारत सरकार के केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह के द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने प्रशिक्षण केन्द्र में तीन दिवसीय कार्यशाला का भी शुभारंभ किया।जो प्रतिभागियों को बुनियादी सिलाई और परिधान निर्माण में कौशल प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बेगूसराय में एक ऐसा इतिहास बनाना है।

ताकि लुधियाना पानीपत, तिरुपति की तरह बेगूसराय इंडस्ट्रीज हब बने। जिससे हमारी जीविका दीदी ऊंचाई पर जाएं। आगे उन्होंने कहा देश में नरेन्द्र मोदी की सरकार है।आज देश में रोजगार मिल रहा है।आज नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री नहीं होते तो कश्मीर में धारा 370 हटने के बजाए राहुल गांधी कश्मीर को पाकिस्तान में मिला देते।यह अंतर भारत की जनता होने नहीं देगी। साढ़े दस लाख दीदी को लाखपति बनाया जाएगा। उन्होंने कहा भारत दुनिया के इकानिमी में बढ़ रहा है लेकिन जनसंख्या में चाइना को भी पार कर रहा है।हर साल एक आस्ट्रेलिया पैदा करते हैं। भारत में एक व्यक्ति को 53 मीटर कपड़ा चाहिए।

सपना वो देखो जो सपना तुम्हें सोने नहीं देगा।हमारी दीदी एक्सपोर्टर भी बन सकती है। उन्होंने कहा निफ्ट के तहत 4 .5 करोड़ लोगों को रोजगार दे रहा है।अब इसे छह करोड़ लोगों को रोजगार देने का काम करेंगे। जल्द ही पूर्णरूपेण निफ्ट का सेंटर खुलेगा। वहीं बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने कहा कि जल्द ही बेगूसराय बरौनी औधोगिक क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।उस दिशा में लगातार केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा काम किया जा रहा है। वहीं डीएम तुषार सिंगला ने कहा कि बेगूसराय में टेक्सटाइल पार्क बनें।उस दिशा में काम किया जाएगा। ताकि बेगूसराय में उत्पादित कपड़ा अन्य राज्यों में बिकें।

उन्होंने कहा कि जीविका दीदी द्वारा बनाए जा रहे समानों की खरीदारी करें।वहीं एमएलसी सर्वेश कुमार ने कहा बेगूसराय में नये इतिहास की शुरुआत हो रही है।देश में 18 निफ्ट है। पटना निफ्ट के अधीन बेगूसराय में विस्तार केन्द्र का शुभारंभ किया जा रहा है।जो बेगूसराय के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने मौके पर उपस्थित जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला से आग्रह किया कि निफ्ट के स्थाई केन्द्र खोलने के लिए पांच एकड़ भूमि जल्द ही चिन्हित करके विभाग को भेजें ताकि निफ्ट बेगूसराय की स्थापना हो। सबसे अधिक जीविका दीदी बेगूसराय में हैं।जो चार सौ टन नमक उत्पादन करके बाजार में बेचती है।

समारोह को नगर विधायक कुंदन कुमार , सचेतक सत्तारूढ़ दल राजकुमार सिंह, महापौर पिंकी देवी, पूर्व महापौर संजय सिंह, निफ्ट पटना के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा, एनएसडीसी के प्रतिनिधि जितेन्द्र शर्मा, रजिस्टार कर्नल विक्रांत लखपाल, डायरेक्टर फाइनेंस अन्विता कुमारी, ज्वांइट डायरेक्टर मो सदाव समी, नोडल पदाधिकारी बेगूसराय निफ्ट एक्सटेंशन सेंटर प्रो डॉ विकास कुमार, पर्चेज ऑफिसर प्रो राजेश कुमार चौधरी, प्रशिक्षक प्रो धर्मेन्द्र कुमार, प्रशिक्षक प्रो मिताली कपूर, सदर एसडीओ राजीव कुमार, सदर- टू डीएसपी  भास्कर रंजन, उपमहापौर अनिता राय, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेन्द्र पासवान, पूर्व विधायक ललन कुंवर, डीपीएम जीविका अभिनाश कुमार आदि वक्ताओं ने संबोधित किया।

इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार विरेश, कृष्णनंदन सिंह, केशल शांडिल्य, बीपीएम जिविका बरौनी मोनिका कुमारी, थानाध्यक्ष जीरोमाइल ओपी चन्दन कुमार सहित अन्य उपस्थित थे। वहीं इस संबंध में जानकारी देते हुए डायरेक्टर फाइनेंस निफ्ट अन्विता कुमारी एवं प्रशिक्षक प्रो धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि टेलरिंग, टेक्निकल ट्रेलर, सिलाई-कढ़ाई, कपड़ा जोड़ने, सीम, तागा, सुई, कंजसन, कसीदा, किसी चीजों का फिनिशिंग, प्राइस वेल्यू पर फिनिशिंग का प्रभाव सहित कई प्रमुख तकनीकी शिक्षा दिया जाएगा। प्रथम फेज में 17 सितंबर को तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित किया गया है ।

यह कार्यशाला 19 सितम्बर तक चलेगा। इसमें जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित जीविका दीदी से 31 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। वहीं केन्द्रीय मंत्री कार्यशाला का निरीक्षण करते उपरांत जीविका दीदी को बताया कि आप सब पूरी ईमानदारी से सीखें। दस हजार रुपया से अधिक की आमदनी शुरू में होगी। धीरे-धीरे आमदनी में इजाफा होगा।आगत अतिथियों को पटना निफ्ट के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा ने शाल एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं इस मौके पर पंडित रुपेश पाठक एवं पंडित राममोहन पाठक ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री भारत सरकार गिरीराज सिंह एवं बीपीएम जीविका बरौनी मोनिका कुमारी के द्वारा शुभारंभ पूजा सम्पन्न कराया।

बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट