कृषि विज्ञान केन्द्र खोदावंदपुर मेंं दो दिवसीय किसान मेला का हुआ आयोजन

 

किसानों ने अपने खेत के उत्पादन का प्रदर्शनी लगाकर लोगों को किया आकर्षित

डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय जिले के कृषि विज्ञान केंद्र खोदावंदपुर में आयोजित दो दिवसीय किसान मेला का उद्घाटन शुक्रवार को किया गया। इस मेला में लगे स्टाॅल पर किसानों ने अपने खेत के उत्पाद का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस संबंध मेंं केंद्र के वरीय कृषि वैज्ञानिक व प्रधान डॉ. राम पाल ने बताया कि यह मेला ‘समेकित खेती समृद्ध किसान’ विषय पर आयोजित किया गया है।

पहले दिन जिला के आठ सौ से अधिक प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। मेला में किसानों ने कृषि उत्पाद संबंधी विभिन्न उत्पादों का  प्रदर्शन किया। मेला का उद्घाटन जिला कृषि अधिकारी राजेंद्र कुमार वर्मा, सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण आलोक कुमार वर्मा व वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉक्टर रामपाल ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर वैज्ञानिक डॉक्टर विपिन ने बताया कि मोटे अनाज पोषक तत्व से भरपूर व सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं।उन्होंने मोटे अनाजों की उपयोगिता एवं इससे होने वाले फायदे पर विस्तृत जानकारी किसानों को दी। मेला में पोषण वाटिका, सब्जी बिचड़ा उत्पादन इकाई, पाली हाउस, निराश्रित पशु प्रबंधन मॉडल, बकरी पालन इकाई, प्राकृतिक खेती मॉडल, अजोला उत्पादन इकाई व जलवायु अनुकूल खेती प्रबंधन इकाई से किसानों को अवगत कराया गया।

मौके पर कृषि विज्ञान केन्द्र लादा समस्तीपुर के वैज्ञानिक डॉक्टर अर्पण कुंडू, डॉक्टर अमृता सिन्हा, वैज्ञानिक डॉ. पाटिल, डॉ. विपिन, सहायक अमितेश कुमार गौरव सहित अनेक वैज्ञानिकों ने अपनी बातें कही।

बेगूसराय खोदावंदपुर संवाददाता नितेश कुमार की रिपोर्ट