केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बछवाड़ा में निकाला तिरंगा यात्रा

 

डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय में 15 अगस्त से पहले आज तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसमें बेगूसराय के सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी शामिल हुए। बछवारा से चलकर यह तिरंगा यात्रा रुदौली तक गई जिसमें हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आम लोग शामिल हुए। कार्यकर्ताओं के द्वारा इस बीच भारत माता की जय एवं महापुरुषों के नारे भी लगाए गए।

रुदौली के कर्पूरी चौक पर पहुंचकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा लगने का संकल्प लिया गया है और इसमें प्रत्येक राष्ट्रभक्त देशवासी शामिल हैं। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है।

हालांकि इस मौके पर गिरिराज सिंह ने एक बार फिर विरोधियों को आरे हाथों लेते हुए नाम लिए बिना जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि कुछ ऐसे लोग हैं जो अब नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते तिरंगे का भी अपमान करना शुरू कर चुके हैं। लेकिन अब भारत के युवा एवं जनता जागरुक हो चुकी है और उनका मुहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।

वहीं गिरिराज सिंह ने बिना नाम लिए कहा की कुछ लोग जो तिरंगे को पसंद नहीं करते वही सनातन एवं राष्ट्र के विरोध में काम करते रहते हैं। लेकिन भाजपा ऐसे लोगों के षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार राष्ट्र के विकास के लिए संकल्पित है।

डीएनबी भारत डेस्क