मुखिया के खिलाफ वार्ड सदस्यों ने खोला मोर्चा, किया भूख हड़ताल

डीएनबी भारत डेस्क

बेगुसराय जिला के बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को रानी एक पंचायत के उप मुखिया समेत 13 वार्ड सदस्यों ने भ्रष्टाचार में व्याप्त मुखिया एवं पंचायती राज पदाधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोलकर एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल किया है। उप मुखिया राजदेव राय, वार्ड सदस्य राखी कुमारी, आरती कुमारी, धर्मशिला देवी, मंजू देवी, आरती देवी, अमरजीत कुमार, अमित यादव, राजेश ठाकुर, भोला पासवान, अशोक राय, राहुल राय एवं अमित यादव ने बताया कि बिना कार्यकारिणी समिति की बैठक एवं बिना आमसभा के मुखिया गीता देवी और पंचायती राज पदाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार के द्वारा मनमानी तरीके से सरकारी योजनाओं को चलाया जा रहा है। साथ ही अनावश्यक खर्चों पर वार्ड सदस्यों को हस्ताक्षर के लिए दबाव भी बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विगत 16 फरवरी को मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व रानी एक पंचायत में सरकारी नियमों को ताक पर रख प्रखंड मुख्यालय के सभी कार्यालयों में रंग रोगन, पीसीसी ढलाई, चबूतरा निर्माण, कुआं का निर्माण एवं प्रखंड मुख्यालय मैदान में मिट्टी भराई समेत अन्य योजनाओं को बिना एंट्री कराए हुए करवाया गया। जब इस मामले को लेकर पंचायती राज पदाधिकारी को जानकारी दी गई तो उन्होंने मुखिया का पक्ष लेते हुए धमकी दिया कि जिला पदाधिकारी का आदेश है। यदि आप लोग योजनाओं में अपनी स्वीकृति नहीं देंगे तो आप लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। जिसको लेकर हम सभी वार्ड सदस्यों ने विरोध करते हुए एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल किया है।

वार्ड सदस्यों ने कहा कि सभी योजनाओं की जांच कर अभिलंब मुखिया एवं पंचायती राज पदाधिकारी पर कारवाई की जाए। यदि हमारी मांगों को नहीं माना गया तो हम लोग आमरण अनशन करेंगे। प्रखंड मुख्यालय परिसर में हो रहे वार्ड सदस्यों के भूख हड़ताल को देख सांसद प्रतिनिधि प्रभाकर राय, पूर्व प्रखंड प्रमुख कमल पासवान, संजय चौधरी, आरजेडी प्रखंड अध्यक्ष सुनील यादव, वरिष्ठ नेता प्रेम शंकर राय, पंचायत समिति सिकंदर कुमार, मिथिलेश कुमार राय उर्फ ओमप्रकाश, अमरकांत यादव एवं सुधाकर मेहता समेत अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवियों ने अपना समर्थन देते हुए जांच कराने की मांग की।

सांसद प्रतिनिधि प्रभाकर राय ने बताया कि रानी एक पंचायत में बिना कार्यकारिणी समिति की बैठक के ही योजनाओं को पारित कर दिया जाता है। साथ ही योजनाओं में सहमति नहीं दिए जाने पर वार्ड सदस्यों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती है। जिसको लेकर वार्ड सदस्यों ने एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल किया है। इस बाबत को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी से बात की गई है। उन्हें कहा गया है कि अभिलंब मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने ने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं की जाएगी तो हम लोग चुप नहीं बैठेंगे। करीब तीन घंटे बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी पूजा एवं पंचायती राज पदाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार ने जांच का आश्वासन देते हुए पानी पिलाकर अनशन को समाप्त करवाया।

बेगूसराय से सुजीत कुमार 

bachhwaraBegusaraibiharBihar newsDNBDNB Bharathunger strikestrike