डीएम बेगूसराय की अध्यक्षता में होली एवं शब ए बारात को लेकर जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक का हुआ आयोजन

जिलाधिकारी बेगूसराय रोशन कुशवाहा एवं एसपी बेगूसराय योगेन्द्र कुमार ने सर्वप्रथम शांति समिति के सदस्यों एवं बेगूसराय के नागरिकों को होली एवं शब- ए-बारात की बधाई देते हुए कहा कि आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द को बनाए रखते हुए इन पर्वों को मनाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले में सौहार्दपूर्ण माहौल में इन सभी पर्वो को संपादित कराने हेतु प्रतिबद्ध है तथा इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर समुचित तैयारियां कर ली गई हैं।

डीएनबी भारत डेस्क 

बेगूसराय जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में शनिवार 04 मार्च को समाहरणालय परिसर स्थित कारगिल विजय सभा भवन में होली पर्व एवं शब-ए-बारात के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम अधिकारीद्वय ने बैठक में शामिल जिलास्तरीय शांति समिति के सदस्यों के साथ आगामी होली पर्व एवं शब-ए-बारात के मद्देनजर जिला प्रशासन से अपेक्षाओं के संबंध में आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया।

इस क्रम में उन्होंने बताया कि होली पर्व एवं शब-ए-बारात के मद्देनजर जिले में समुचित विधि-व्यवस्था संधारण हेतु 350 स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ-साथ समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में 07 से 09 मार्च की अवधि हेतु तीन पालियों में लगभग 30 वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के मद्देनजर धारा 107 दं.प्र.सं. के अधीन शरारती तवों के विरुद्ध कार्रवाई करने, धारा 116 (3) दं.प्र.सं. के अधीन बंध पत्र भरवाए जाने की कार्रवाई करने के साथ-साथ नए असामाजिक तत्वों की पहचान करते हुए निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

इसके साथ-साथ विवादित धार्मिक स्थलों, मस्जिदों, विवादित कब्रिस्तानों तथा हिन्दू-मुस्लिम मिश्रित आवादी वाले क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने, विवादित स्थलों पर होलिका स्थापित न हो इस दिशा में समचित कार्रवाई करने होली पर्व के अवसर पर गाए जाने वाले लोकगीतों में अश्लील गीत पर रोक लगाने, नकली तथा मिलावटी रंग एवं अबीर तथा नकली मेवा एवं अन्य मिलावटी मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के संबंध में भी सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

इसके अतिरिक्त सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत आसूचना प्राप्त कर अनधिकृत रूप से शराब की बिक्री की रोकथाम के लिए छापामारी करने का भी निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही विभिन्न संगठनों द्वारा धर्म, जाति, क्षेत्र के नाम पर अफवाह, द्वेष, नफरत तथा गलतफहमी फैलाने वाले तत्वों को चिन्हित कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने, साईबर सेनानी समूहों को सक्रिय रखने, सोशल मीडिया प्लेटफार्मों तथा न्यूज चैनल आदि पर निगरानी रखने हेतु भी निर्देशित किया  गया है।

इस क्रम में सदस्यों द्वारा जिले में शांति एवं सौहार्द की ऐतिहासिक एवं ठोस परंपराओं के संबंध में जानकारी देने के साथ ही इस वर्ष आयोजित होने वाले इन पर्वों के मद्देनजर समुचित विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में विभिन्न सुझाव यथा डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, महत्वपूर्ण सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थलों के आसपास पुलिस गश्ती में वृद्धि करने, अश्लील गानों के प्रयोग को रोकने, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने, साफ-सफाई एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के आसपास रोशनी की समुचित व्यवस्था आदि से संबंधित विषयों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

अधिकारीद्वय ने शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए विभिन्न महत्वपूर्ण सुझावों की सराहना की तथा कहा कि समिति सदस्यों द्वारा प्राप्त फीडबैक से जिला प्रशासन को अहम सहयोग प्राप्त होता रहा है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले में होली पर्व एवं शब-ए-बारात को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण से संपन्न करने हेतु प्रतिबद्ध है तथा इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही है ताकि जिले में शांति व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी मंशा को ससमय विफल किया जा सके। अधिकारीद्वय ने शांति समिति के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे भी सजग रहें तथा किसी भी प्रकार की नकारात्मक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल जिला प्रशासन उपलब्ध कराएं ताकि ससमय समुचित कार्रवाई की जा सके।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण ढंग से होली पर्व के आयोजन हेतु पुलिस प्रशासन कटिबद्ध है तथा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही है। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों एवं शराब के धड़-पकड़ हेतु अभियान चलाए जा रहे हैं तथा विभिन्न सार्वजनिक तथा संवेदनशील पर पुलिस गश्ती दलों की बारंबरता में भी आवश्यकतानुसार वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा तथा इन मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि डीजे पर प्रतिबंध संबंधी आदेश का उल्लंघन एवं होली एवं शब-ए-बारात पर्व से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष, बेगूसराय के दूरभाष संख्या 06243-230200 पर दी जा सकती है।

उन्होंने बताया जिला अतंर्गत अब तक 490 डीजे संचालकों पर पांच-पांच लाख रुपये का बंधपत्र भरवाने के साथ ही 107 दं.प्र.सं. के अधीन 3800 से अधिक व्यक्तियों का बंधपत्र भरवाया गया है। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भ्रामक खबरें प्रसारित करने वालों पर कड़ाई से नजर रखी जा रही है तथा ऐसा करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। होली पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में राजेश कुमार सिंह, अपर समाहर्ता, बेगूसराय एवं निशीत प्रिया पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, बेगूसराय रहेंगे। जबकि सुशांत कुमार, उप विकास आयुक्त बेगूसराय जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में रहेंगे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता राजेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त मनोज कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मु.) निशीत प्रिया, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, विदुत प्रमंडल, बेगूसराय, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्यों में डाॅ नलिनी रंजन, चितरंजन सिंह, अशोक कुमार अमर, अमरेंद्र कुमार अमर, दिलीप कुमार सिन्हा, अध्यक्ष पैगाम-ए-अमन समिति मो अहसन, विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष एवं प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Begusarai