बेगूसराय में अवैध खनन के विरोध में लोगों में आक्रोश, पालकालीन पुरातत्व को संरक्षित रखने की मांग

पालकालीन पुरातत्व स्थल का अवैध खनन कर मिटाने का प्रयास। प्रशासन मौन, स्थानीय लोगों में आक्रोश

 

डीएनबी भारत डेस्क 

प्रखंड क्षेत्र में खनन माफियाओं का मनोबल काफी बढा हुआ है। प्रशासनिक लापरवाही के कारण इस क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार तेजी से फलफूल रहा है। अब अवैध खनन करने वाले लोगों की नजर सरकारी भूमि पर टिकी है। इसी क्रम में खोदावन्दपुर पंचायत के मुसहरी अवस्थित पाल वंश के समय के पुरातत्व स्थल को जेसीबी व ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध खनन कर उसे मिटाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन को अवैध खनन की सूचना दिए जाने के बावजूद प्रशासन की चुप्पी से स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। इस संबंध मेंं मुसहरी गांव निवासी छात्र नेता असीम आनंद, ग्रामीण कुलदीप महतो, संजय कुमार, आशुतोष कुमार सहित अनेक लोगों ने जिलाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारी को आवेदन देकर अवैध खनन करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध मेंं माले नेता अवधेश कुमार व असीम आनंद ने बताया कि गांव से पूरब की दिशा में अवस्थित डीहवार स्थान के समीप पाल वंश कालीन स्थल की अवैध रूप से मिट्टी खनन किया जा रहा है।

लोगों ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व खुदाई के दौरान उक्त स्थल पर पालवंश कालीन भगवान बुद्ध की मूर्ति मिली थी। लोगों ने वरीय अधिकारियों से अवैध खनन पर रोक लगाते हुए स्थल को संरक्षित करने की मांग की है।

खोदावंदपुर, बेगूसराय से नितेश कुमार 

BegusaraibiharBihar newsDNBDNB Bharat