नालंदा: तेलंगाना के सीएम के द्वारा बिहारवासियो पर किए गए अमर्यादित टिप्पणी पर आरसीपी सिंह ने कहा:-बिहार में महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के नेताओं को स्वीकार करना होगा की उनका डीएनए भी खराब है।

 

डीएनबी भारत डेस्क

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के द्वारा बिहार के लोगों के डीएनए पर सवाल उठाए जाने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कड़ी निन्दा करते हुए जमकर कटाक्ष किया है। आरसीपी सिंह ने कहा महागठबंधन सरकार में शामिल विहार कांग्रेस के नेताओं को स्वीकार करना होगा कि उनका भी डीएनए खराब है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री को इस तरह का सर्टिफिकेट देने का अधिकार किसने दिया। कांग्रेस हाई कमान के इशारे पर तेलंगाना सीएम इस तरह के बयान दे रहे हैं। इसके बावजूद भी नीतीश कुमार या अन्य किसी नेताओं के द्वारा निंदा व्यक्त नहीं की गई। आरसीपी सिंह ने कहा नीतीश कुमार ने बिहार को बीमारू प्रदेश बना दिया क्योंकि वह खुद मानसिक और शारीरिक रूप से बीमार है।

नीतीश कुमार अब बोलने लायक भी नहीं बचे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहारी अस्मिता की बात करते हैं। जब तेलंगाना के सीएम ने बिहार के डीएनए पर सवाल उठाया तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आखिर चुप क्यों है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस बयान पर कड़ा कदम उठाना चाहिए।

ऋषिकेश संवाददाता नालंदा