बेगूसराय स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा जिले वासियों को शुभकामनाएं और विकास योजनाओं पर की चर्चा

केंद्र में नरेंद्र मोदी और राज्य में नीतीश कुमार की सरकार मिलकर राज्य के विकास में नई गाथा लिख रही हैं-गिरिराज सिंह

डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले की 52वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला प्रेक्षागृह, बेगूसराय आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मंत्री ने जिले के ऐतिहासिक और औद्योगिक महत्व को उद्मृत करते हुए कहा कि बेगूसराय का इतिहास स्वर्णिम रहा है।

उन्होंने बताया कि बेगूसराय, जिसे बिहार का औद्योगिक केंद्र माना जाता है, आज देश के मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। जिले में रिफाइनरी, हर्ल, एनटीपीसी जैसे कई बड़े संस्थान स्थित हैं, जिनके कारण यह जिला बिहार में सबसे अधिक राजस्व देने वाला जिला भी है। गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की प्रशंसा की और कहा कि बेगूसराय का विकास पिछले 10 वर्षों में अद्वितीय गति से हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से सिमरिया से लेकर खगड़िया तक की चमचमाती फोर लेन सड़क, सिक्स लेन गंगा पुल और रेल पुल का उल्लेख किया, जो नरेंद्र मोदी सरकार की विकास गाथा का परिणाम हैं।

उन्होंने कहा कि बंद पड़े एनटीपीसी कारखाने को फिर से चालू किया गया और रिफाइनरी का विस्तार किया गया, जिससे जिले में आर्थिक समृद्धि आई है।मंत्री ने कहा कि शहर के अंदर एलिवेटेड फ्लाईओवर सहित अन्य कई विकास परियोजनाओं का काम भी पिछले दशक में तेजी से हुआ है, जिससे जिले की यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने बेगूसराय की जनता को धन्यवाद दिया कि उन्हें लगातार दूसरी बार सेवा करने का मौका मिला है और कहा कि वह जिले के विकास के प्रति संकल्पित हैं।गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में बिहार में डबल इंजन की सरकार की चर्चा करते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार की हालत काफी खराब थी। शाम होने के बाद बच्चे और महिलाएं घर से बाहर निकलने में डरते थे, लेकिन अब बिहार में विकास की लहर चल रही है। केंद्र में नरेंद्र मोदी और राज्य में नीतीश कुमार की सरकार मिलकर राज्य के विकास में नई गाथा लिख रही हैं।

उन्होंने इस अवसर पर बिहार और विशेष रूप से बेगूसराय के स्वर्णिम भविष्य की संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा कि जिले में आम जनजीवन के जनोपयोगी विकास कार्यों के प्रति वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जिले के हर क्षेत्र में विकास कार्य होते रहेंगे, जिससे बेगूसराय की जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध हों। कार्यक्रम का समापन जिले के विकास कार्यों की समीक्षा और भविष्य की योजनाओं की चर्चा के साथ हुआ। भाजपा व जेडीयू के जिलाध्यक्ष,गणमान्य व्यक्तियों और अधिकारियों ने भी इस अवसर पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

डीएनबी भारत डेस्क